बदायूं। शहर के रोडवेज बस स्टैंड से दातागंज कस्बे का एक युवक संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गया। युवक दिल्ली से लौट रहा था। उसने स्टैंड पहुंचकर परिवार वालों को मेसेज भी किया था लेकिन युवक का कुछ पता नहीं चला। परिवार वालों ने पुलिस को सूचना देकर कार्रवाई की मांग की है।
दातागंज कस्बा निवासी उचित गुप्ता पुत्र तुलाराम गुप्ता कांसपुर रोड पर जनसेवा केंद्र चलाता है। वह एक सप्ताह पूर्व दिल्ली गया था। परिवार वालों के मुताबिक वह एक होटल में रुका था। परिवार वालों की उससे लगातार बात हो रही थी। युवक शनिवार को हापुड़ डिपो की रोडवेज बस में सवार होकर घर लौट रहा था। ये बस दिल्ली से बाया संभल चंदौसी होते हुए आ रही थी। परिवार वालों का कहना है कि उनकी शाम छह बजे उचित से बात हुई तो बस चंदौसी पहुंच गई थी। डेढ़ घंटे बाद उचित का मेसेज आया। उसने बताया कि वह बदायूं रोडवेज बस स्टैंड पहुंच गया है लेकिन युवक घर नहीं पहुंचा। इससे परिवार वाले सिविल लाइंस थाने पहुंचे। उन्होंने पुलिस को तहरीर देकर इसकी जानकारी दी है। उन्होंने युवक की गुमशुदगी दर्ज कराने की मांग की है।