अलापुर (बदायूं)। अलापुर थाना क्षेत्र के ग्राम उनौला में मंगलवार रात बेड पर सो रहे पिता-पुत्री को सांप ने डस लिया, जिसमें पुत्री की मौत हो गई। पिता की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। परिवार वालों ने पुत्री के शव का अंतिम संस्कार कर दिया है।
सदर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला ब्राहमपुर निवासी दीपक साहू (40) की ससुराल उनौला गांव में पूर्व प्रधान रमेश फौजी के घर में है। वह मुंबई में नौकरी करते हैं। 13 सितंबर को दीपक मुंबई से आए थे। बताते हैं कि वह अपनी बड़ी बेटी सिमरन (8) के साथ मंगलवार को ससुराल उनौला गांव आए थे, जबकि उनकी छोटी बेटी और पत्नी घर पर रह गईं थीं। मंगलवार रात पिता-पुत्री कमरे में बेड पर सो रहे थे। रात करीब दो बजे सिमरन को सांप ने कान में डस लिया। जिससे वह सोते समय चीख पड़ी। उसकी चीख सुनकर दीपक जाग गए। परिवार वाले अन्य लोग भी उठ गए। उन्होंने बेटी से पूछा कि क्या हुआ तो उसने बताया कि सांप ने डंस लिया है। परिवारवालों ने तुरंत लाइट जलाई। देखा तो बेड पर सांप था। दीपक साहू जब तक संभल पाते, उससे पहले सांप ने उन्हें भी उंगली में डंस लिया। परिवारवालों ने किसी तरह सांप को घेरकर मार दिया। वह पिता-पुत्री को तुरंत जिला अस्पताल ले गए। उन्हें तुरंत एंटी स्नेक इंजेक्शन दिया गया। हालत में सुधार न होते देखकर परिवार वाले उन्हें सहसवान ले जा रहे थे कि रास्ते में बेटी की मौत हो गई। दवा पीने से दीपक साहू की हालत में सुधार है। परिवार वालों ने बुधवार सुबह सिमरन के शव का कछला गंगा घाट पर अंतिम संस्कार कर दिया गया। इस हादसे के बाद से दीपक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है।