मूसाझाग। सराय पिपरिया गांव में पहुंचे एसडीएम को देखकर एक झोलाछाप वहां आए मरीजों को क्लीनिक में बंद कर भाग गया। एसडीएम को झोलाछाप नहीं मिला। पता लगा कि मरीज क्लीनिक में बंद हैं। ताला तुड़वाने के बाद मरीजों को बाहर निकाला गया। इसके बाद एसडीएम ने क्लीनिक सील करा दिया।
मूसाझाग थाने के गांव सराय पिपरिया समेत करीब दो दर्जन गांवों में इन दिनों मलेरिया का प्रकोप है। चिकित्सा और स्वास्थ्य सेवाएं बेहतर न होने के चलते इन गांवों में झोलाछापों का धंधा भी काफी फलफूल रहा है। ऐसे में एक झोलाछाप सराय पिपरिया में भी क्लीनिक चला रहा था। इस गांव में मलेरिया का भयंकर प्रकोप है। सोमवार को एसडीएम दातागंज केबी सिंह गांव में स्थिति का जायजा लेने पहुंचे थे। उनको झोलाछाप के बारे में पता लगा। एसडीएम को अपनी दुकान की ओर आता देखकर झोलाछाप ने तीन महिला, पुरुष और एक बच्चे को क्लीनिक में बंद करने के बाद बाहर से ताला लगा दिया। यहां से भाग गया। एसडीएम को मरीजों के अंदर बंद होने के बारे में पता लगा तो उन्होंने ताला तुड़वाने के बाद उनको बाहर निकाला। अपने सामने ही क्लीनिक सील करा दिया। यहां से मिले रजिस्टर आदि को कब्जे में ले लिया। एसडीएम केबी सिंह ने बताया कि इस मामले में झोलाछाप के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई जाएगी।