दातागंज। तहसील क्षेत्र के गांव सेहरा खाम में दबंगों ने ग्राम सभा की करीब 250 बीघा जमीन पर कब्जा कर लिया है। दबंग इस जमीन पर फसलें उगा रहे हैं। कब्जे को लेकर रामगंगा के दोनों तरफ के गांवों के दबंगों के बीच कई बार फायरिंग भी हो चुकी है। जमीन को कब्जा मुक्त कराने के लिए तहसील प्रशासन ने अब पैमाइश शुरू की है।
गांव सेहरा खाम में रामगंगा के पास ग्राम सभा की सैकड़ों बीघा जमीन है। लंबे समय से टांडा, सैदपुर, अकट आदि गांवों के दबंग इस जमीन पर कब्जा कर फसलें उगा रहे हैं। कई बार शिकायत के बाद कब्जा हटा दिया गया लेकिन दबंगों ने फिर से कब्जा कर लिया। रामगंगा के दोनों ओर के गांवों के दबंगों के बीच इस जमीन को लेकर ठनी रहती है। ग्राम प्रधान नीरज सिंह का कहना है कि दबंग इस जमीन से कब्जा छोड़ना नहीं चाहते। पुलिस भी कार्रवाई नहीं करती। पिछले दिनों इसकी शिकायत एसडीएम दातागंज केवी सिंह से की गई। एसडीएम ने शिकायत को गंभीरता से लेते हुए कब्जा हटाने की कार्रवाई शुरू कर दी है। इसके लिए राजस्व टीम जमीन की पैमाइश कर रही है। एसडीएम ने बताया कि सरकारी जमीन पर कब्जा करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। पैमाइश कराई जा रही है।