बदायूं। काफी समय से परेशानी का सामना कर रहे वाहन चालकों के लिए अच्छी खबर है। शहर विधायक/नगर विकास राज्यमंत्री महेश चंद्र गुप्ता के प्रयासों के चलते शासन ने बाईपास पर सेतु निर्माण के लिए 16.7 करोड़ रुपया मंजूर कर दिया है। जल्द ही इसका काम शुरू होने की उम्मीद है।
बरेली-मथुरा, मुरादाबाद-फर्रुखाबाद और बदायूं-बिजनौर हाईवे को जोड़ने वाले बाईपास पर सोत नदी का पुल नहीं बन सका था। करीब साढ़े चार सौ मीटर लंबे इस पुल के नहीं बनने से इधर से गुजरने वाले चालकों को बेहद दिक्कतें हो रही थीं। सोत नदी पर पुल निर्माण के लिए राज्यमंत्री महेश चंद्र गुप्ता से भी कई बार मांग की गई। उन्होंने स्वयं भी तत्कालीन डीएम दिनेश कुमार सिंह के साथ मौके पर पहुंचकर जायजा लिया था। नगर विकास राज्यमंत्री ने पुल निर्माण के लिए प्रयास तेज किए, जो अब रंग ले आए हैं। राज्यमंत्री ने बताया कि सोमवार को शासन ने बाईपास पर पुल निर्माण के लिए 16.7 करोड रुपया स्वीकृत कर दिया है। जल्द ही टेंडर की प्रक्रिया पूर्ण कर सेतु का निर्माण कराया जाएगा। इसके बाद जिले के साथ साथ आस-पास के लोगों को बहुत राहत मिलेगी।
चुनाव के समय किए सभी वादे करेंगे पूरे: महेश
- राज्यमंत्री महेश गुप्ता ने कहा कि चुनाव के समय जनता से जो वादे किए थे उन्हें पूरा करने के लिए वह पूर्णरूप से प्रतिबद्ध हैं। आज सरकार में मंत्री पद की जिम्मेदारी है। प्रदेश के साथ-साथ बदायूं के विकास के लिए अधिक से अधिक धन लाकर विकास कराना उनकी प्राथमिकता है। इधर, बाईपास पर पुल निर्माण को शासन से धन स्वीकृत हो जाने की खबर से लोगों में भी खुशी है। खासकर देहात से गन्ना लेकर आने वाले किसान बेहद खुश हैं।
जब तक नहीं बनती पुलिया, तब तक के लिए रास्ते को किया जाएगा ठीक
- डीएम कुमार प्रशांत ने कहा कि जब तक सोत नदी पर पुलिया निर्माण का कार्य शुरू नहीं हो जाता है, तब तक के लिए रास्ते में मिट्टी आदि डलवाकर उसे ठीक कराया जाएगा। ताकि उधर से वाहनों को निकलने में किसी भी तरह की परेशानी न हो। इसको लेकर उन्होंने लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता प्रमोद कुमार और खनन अधिकारी नरेंद्र कुमार को निर्देशित किया है।