बदायूं। ईओ ने सोमवार को पार्किंग के ठेकों की उगाही की अनुमति दे दी थी, मंगलवार को डीएम ने इस पर सख्त रुख अपनाते हुए ईओ संजय तिवारी को तलब करते हुए पूछा कि किस के निर्देश पर उन्होंने उगाही की अनुमति दी। ईओ इसका संतोषजनक उत्तर नहीं दे सके तो डीएम ने ईओ को निर्देशित किया कि वह पार्किंग के ठेकों के मामले में अब तक जैसा चल रह रहा था, वैसी ही स्थिति बनाए रखें। इसके बाद यह साफ हो गया कि अगले आदेशों तक पार्किंग ठेकों की वसूली नहीं हो सकेगी।
शहर में काफी समय से पर्किंग की ठेकों की उगाही बंद चल रही थी। बंद करने का आदेश तत्कालीन डीएम दिनेश कुमार सिंह ने उस समय दिया था, जब उनके पास इस तरह की शिकायतें पहुंची थीं कि कुछ लोग बिना ठेकों के ही उगाही कर रहे हैँ। डीएम के स्थानांतरित हो जाने के बाद में ईओ संजय तिवारी ने मौजूदा डीएम कुमार प्रशांत के संज्ञान में लाए बगैर सोमवार को ठेकों की उगाही की अनुमति दे दी। जब ये मामला डीएम के संज्ञान में आया तो उन्होंने इसे बेहद गंभीर मानते हुए मंगलवार को ईओ को इससे जुड़ी फाइलों समेत तलब किया। जब उन्होंने इस संबंध में ईओ से जवाब मांगा, तो वह संतोषजनक जवाब नहीं दे सके। इस पर डीएम ने पार्किंग के ठेकों के मामले में अब तक जैसा चल रह रहा था, वैसी ही स्थिति बनाए रखने के आदेश दिए। कहा कि ठेकों की उगाही किसी भी हालत में न की जाए।
पार्किंग ठेके की उगाही के संबंध में पूर्व में काफी शिकायतें आयी हैं। इसको लेकर ईओ को निर्देशित किया है कि इस संबंध में कोई कार्य नहीं होगा। पूर्व की तरह ही आगे भी स्थिति रहेगी।
-कुमार प्रशांत, डीएम