बदायूं। शासन के निर्देश पर आई दो सदस्यीय टीम ने शुक्रवार को दूसरे दिन संबंधित अभिलेख मिलने के बाद अंडरग्राउंड केबल की जांच शुरू कर दी। जांच के दौरान कई जगह केबल बॉक्स (पैनल) डैमेज मिले, साथ ही केबल को डालते वक्त बरती गई लापरवाही की भी पोल खुल गई।
निरीक्षण करने पहुंची टीम में सीओ विजिलेंस जगदीश पाटनी और आरईसी पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड (आरईसीपीडीसीएल) के सहायक इंजीनियर आदित्य कुमार रहे। जांच के पहले दिन उन्होंने आवास विकास कॉलोनी में पड़ी अंडरग्राउंड केबल का निरीक्षण किया। इस दौरान टीम को कई जगह पर केबल बॉक्स (पैनल) खस्ताहाल मिले। उन्होंने उनकी बारीकी से जांच की, साथ ही अंडरग्राउंड केबल को भी देखा। इस दौरान अंडरग्राउंड केबल को डालने में बरती अनियमितताएं भी मिलीं। जब टीम के सदस्यों से अंडरग्राउंड के संबंध में बात की, तो उन्होंने इसे गोपनीय जांच बताते हुए कुछ भी बताने से इनकार कर दिया। हालांकि उनकी प्रतिक्रिया से सामने आई कमियों को लेकर नाराजगी साफ जाहिर हो रही थी। अधीक्षण अभियंता राजीव कुमार ने बताया कि टीम की ओर से आवास विकास में अंडरग्राउंड केबल की जांच की जा रही है।