बदायूं। त्योहारों के चलते शहर में सुरक्षा व्यवस्था और मजबूत कर दी गई है। शहर के हर तिराहे और चौराहे पर पुलिस तैनात की गई है। इसके लिए रिक्रूट भी लगाए गए हैं। एक दिन पहले से शहर में ऑटो, ई-रिक्शा वालों की नो-एंट्री है, तो वहीं शुक्रवार को दोपहिया वाहनों की भी नो-एंट्री कर दी गई। किसी बाइक या स्कूटर वाले को बाजार में घुसने नहीं दिया गया। जगह-जगह पुलिस तैनात रही।
त्योहार पर सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर 31 प्वाइंट बनाए गए हैं। इन प्वाइंट पर पुलिस बल तैनात किया गया है। कोतवाली क्षेत्र के सभी चौकी प्रभारियों को अलग से जिम्मेदारी सौंपी गई है, तो वहीं बाजार को नो-एंट्री जोन घोषित कर दिया गया था। यहां शुरुआती दौर में टेंपो और ई-रिक्शा की नो-एंट्री की गई। इसके लिए टिकटगंज से लेकर गोपी चौक और छह सड़का से लेकर घंटा घर के बीच का एरिया नो-एंट्री जोन रहा। वहीं चिह्नित किए गए प्वाइंट पर शुक्रवार को पुलिस बल तैनात कर दिया गया। इन प्वाइंट पर तैनात पुलिस कर्मियों और रिक्रूटों को सख्त हिदायत दी है कि बाजार में कोई भी वाहन एंट्री नहीं करेगा।
शुक्रवार सुबह से लेकर शाम तक बाजार की ट्रैफिक व्यवस्था बिल्कुल ठीक रही। नेहरू चौक से लेकर टिकटगंज तक जाम लगने की नौबत नहीं आई। लोग आराम से खरीदारी करके बाजार से निकल गए। न तो कहीं धक्कामुक्की हुई और न ही किसी व्यक्ति को बाजार में खरीदारी के दौरान समस्या आड़े आई।
वाहन पार्क करना बना मुसीबत
दूरदराज से आने वाले लोगों को अपने वाहन पार्क करने में परेशानी हुई। लोग शहर के अन्य स्थानों पर अपने वाहन खड़े करके पैदल बाजार में पहुंचे। टिकटगंज की ओर से आने वाले लोगों ने उधर ही अपने वाहन लगा दिए। किसी ने अपने परिचित के यहां तो किसी ने रिश्तेदारी में वाहन खड़े कि ए तो कोई इस मुसीबत से बचने के लिए अपना वाहन ही नहीं लाया।
यहां से शुरू हुई नो एंट्री
शहर में मुख्य रूप से टिकटगंज चौराहे से नोएंट्री शुरू की गई है। यहां से कोई वाहन बाजार की ओर जाने नहीं दिया जा रहा है, तो वहीं छह सड़का से लेकर घंटाघर की ओर, सराफा मार्केट, गोपी चौक से नेहरू चौक की ओर, घंटाघर से बाजार की ओर नो-एंट्री की गई है। इन स्थानों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था है।
डीएम-एसएसपी ने किया रूट मार्च
शुक्रवार शाम छह सड़का पहुंचे डीएम कुमार प्रशांत और एसएसपी अशोक कुमार त्रिपाठी ने बाजार में रूट मार्च किया। उन्होंने बाजार में भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा भी लिया। इस दौरान दुकानदारों से और खरीदारी करने आए लोगों से बातचीत भी। इस दौरान सीओ सिटी विनय कुमार द्विवेदी, इंस्पेक्टर कोतवाली ओमकार सिंह भी मौजूद रहे।
सराफा मार्केट में रही विशेष सुरक्षा व्यवस्था
शहर की सराफा मार्केट में पुलिस की विशेष सुरक्षा व्यवस्था रही। मालवीय गंज चौकी, हलवाई चौक, टिकटगंज में पुलिस कर्मी तैनात रहे। वहीं सुरक्षा व्यवस्था में होमगार्ड भी लगाए गए। कुछ महिला पुलिस कर्मियों को भी लगाया गया है, जिससे महिला खरीदारों को परेशानी महसूस न हो।
खुराफातियों के खिलाफ होगी सख्त कार्रवाई: डीएम
शुक्रवार देर शाम शहर में रूट मार्च के दौरान डीएम कुमार प्रशांत ने कहा कि त्योहार पर सुरक्षा व्यवस्था सख्त कर दी गई है। त्योहार पर कोई भी खुराफात नहीं होने दी जाएगी। व्यवस्था को बनाए रखने में जनता सहयोग करे। अगर कोई शरारत करता पाया गया तो उससे सख्ती से निपटा जाएगा। इसके लिए उन्होंने माइक से लोगों को संबोधित भी किया।