बदायूं। कलक्ट्रेट स्थित सभागार में डीएम कुमार प्रशांत ने सीडीओ निशा अनंत, बीएसए रामपाल सिंह राजपूत समेत बीईओ के साथ बैठक की। डीएम ने निर्देश दिए कि जिले के जिन स्कूलों की इमारतें जर्जर हैं व टाट-पट्टियों पर बच्चे शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं, ऐसे स्कूलों को चिह्न्ति कर उनको ठीक कर व्यवस्थाओं में सुधार लाया जाए, साथ ही यूनिफॉर्म, जूूता-मोजा और बैग का शत प्रतिशत वितरण कराया जाए।
डीएम ने कहा कि विद्यालय न आने वाले बच्चों के घर जाकर शिक्षक उनके अभिभावकों से वार्ता कर बच्चों को प्रतिदिन विद्यालय भेजने के लिए प्रेरित करें। जिन विद्यालयों में बच्चों की उपस्थिति कम है। उन विद्यालयों में बच्चों की शत प्रतिशत उपस्थिति की जाए। कम उपस्थिति पाए जाने पर शिक्षक उत्तरदायी होंगे। बच्चों को दिए जाने वाले मध्याह्न भोजन की गुणवत्ता और मानक को प्रतिदिन परखा जाए। उन्होंने बीएसए, बीईओ को कड़े निर्देश दिए कि नियमित रूप से विद्यालयों का भ्रमण करें और निर्धारित समय पर अभिभावकों की बैठक की जाए। उनका रजिस्टर बनाकर अभिभावकों द्वारा दिए जाने वाले सुझावों को उस रजिस्टर में अंकित किया जाए। डीएम ने कहा कि कस्तूरबा विद्यालयों में वॉशिंग मशीन, फ्रिज और आरओ भी लगवाए जाएं।