बदायूं। गुरुवार को कलक्ट्रेट स्थित अटल बिहारी वाजपेयी सभागार में डीएम कुमार प्रशांत की अध्यक्षता में पोषण अभियान में कन्वर्जेंस प्लान के अंतर्गत जिला स्तरीय बैठक हुई । उन्होंने निर्देश दिए कि आंगनबाड़ी ध्यान दें कि जो बच्चे लाल, पीली श्रेणी में चिह्नित हैं, उनके अभिभावकों के अगर राशन कार्ड नहीं हैं, तो उनके बनवाने की प्रक्रिया अमल में लाई जाए।
डीएम ने कहा कि जिन अधिकारियों ने पोषण अभियान के तहत गांव गोद लिए हैं, वे प्रतिमाह उन आंगनबाड़ी केंद्रों पर जाकर निश्चित प्रारूप पर नियमित रिपोर्ट करें। आंगनबाड़ी केंद्रों में पंजीकृत बच्चों का हर तीन माह में एक बार स्वास्थ्य परीक्षण अवश्य होना चाहिए। पंजीकृत गर्भवती महिलाओं को आयरन की गोली देने सहित जांच आदि की व्यवस्था कराई जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि लाल और पीली श्रेणी में से उनको सामान्य श्रेणी में लाने के लिए पोषित तत्व देने के साथ ही उनकी जांच आदि पर भी विशेष ध्यान दिया जाए। इस मौके पर सीडीओ निशा अनंत, डीडीओ चंद्र शेखर, डीपीओ आदीश कुमार मौजूद रहे। संवाद