बदायूं। पिछले दिनों शासन की ओर से मैसर्स सिजेंटा इंडिया लिमिटेड कंपनी के बीजों के क्रय विक्रय पर रोक लगा दी गई थी। इसको ध्यान में रखते हुए कृषि विभाग की ओर से दुकानदारों को नोटिस जारी किए जा रहे हैं। इसमें कहा गया है कि कोई भी दुकानदार इस कंपनी का बीज न तो खरीदेगा और न इसे किसी भी कीमत पर बेचेगा।
पिछले साल किसानों ने मैसर्स सिजेंटा इंडिया लिमिटेड कंपनी के द्वारा बाजार में उतारे धान के बीज को खरीदकर बोया था। जिस पर धान के बीज में बाली तो आयी, लेकिन उनमें एक भी दाना नहीं आया। इसकी वजह से किसानों को काफी अर्थिक नुकसान उठाना पड़ा। शासन के पास शिकायत पहुंचने पर कंपनी को दोषी मानते हुए 30 सितंबर को कंपनी के सभी बीजों के व्यवसाय करने पर प्रतिबंध लगा दिया गया था। अब कृषि विभाग की ओर से सभी दुकानों को नोटिस जारी किया जा रहा है कि वे अपने यहां इस कंपनी का कोई भी बीज न खरीदें और न किसी को बेचें, अगर उन्होंने ऐसा किया तो उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
जिला कृषि अधिकारी विनोद कुमार का कहना है कि कंपनी के सभी बीजों के उत्पादों के क्रय-विक्रय पर रोक विभाग की ओर से लगाई गई है। ऐसे में पहले दुकानदारों को इसकी जानकारी दी गई। अब नोटिस भी जारी किए जा रहे है। अगर उनके द्वारा इस कंपनी का बीज क्रय या विक्रय किया गया तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।