बदायूं। शहर के मोहल्ला कारमेकलगंज में नगर पालिका की एक दुकान को कई भागों में बांटकर ढाई करोड़ में बेचने का आरोप नगर पालिका के कुछ सभासदों ने लगाया है। इस संबंध में वह गुरुवार को डीएम दिनेश कुमार सिंह से भी मिले, जिस पर उन्होंने तीन सदस्यीय टीम बनाकर जांच को भेजा।
मोहल्ला कारमेकलगंज में पालिका की एक बड़ी दुकान हैं, जिसकी स्थिति अत्यंत खराब हो गई थी। इसको लेकर किरायेदार की ओर से पालिका से दोबारा दुकान निर्माण करने की अनुमति मांगी गई थी, जिस पर प्रस्ताव को बोर्ड में रखकर पास कर दिया गया। स्वीकृति मिलने के बाद में उस दुकान में पालिका प्रशासन से सांठगांठ के आधार पर कई दुकानों का निर्माण करा लिया। नगर पालिका के वार्ड संख्या छह के सभासद गिरीश कुमार मौर्य व वार्ड 15 के सभासद मुकेश कुमार साहू का आरोप है कि इन दुकानों को किरायेदार ने ढाई करोड़ में बेच दिया। गुरुवार को वे इस संबंध में डीएम से मिले व शिकायत की। डीएम के निर्देश पर तीन सदस्यीय टीम शाम को इसकी जांच के लिए पहुंची।
एडीएम ने दुकान से संबंधित दस्तावेज और अन्य जानकारियों को पालिका से जुटाया। उन्होंने मौके पर जाकर दुकानों की स्थिति देखी, साथ ही दुकान से संबंधी सभी दस्तावेजों का देखा। इसके बाद में इन दस्तावेजों को अपने साथ ले गए।
कुछ लोग शिकायत करने पहुंचे थे, उन्होंने पालिका की दुकानों को बेचने की बात कही। ऐसे में इसकी जांच के लिए तीन सदस्यीय टीम बनाई है, जो एडीएम प्रशासन की अध्यक्षता में रहेगी। गुरुवार को इनको जांच के लिए भेजा भी है। टीम की ओर से जो रिपोर्ट प्राप्त होंगी, उसके आधार पर कार्रवाई होगी।
- दिनेश कुमार सिंह, डीएम