बदायूं। सर्व शिक्षा अभियान समेकित शिक्षा द्वारा संचालित आवासीय एक्सीलेरेटेड लर्निंग कैंप सराय फकीर में विश्व मूक बधिर दिवस के मौके पर कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें अध्ययनरत 36 श्रवणबाधित व 24 दृष्टिबाधित बच्चों को प्रोत्साहित करने के लिए विभिन्न कार्यक्रम हुए।
बच्चों के समूह बनाकर संकेत में वाचन कौशल, कला प्रतियोगिता, गणित क्षमता, इंडोर गेम, सुलेख आदि प्रतियोगिताएं हुईं। वार्डन बृजभूषण सिंह व रज्जन सिंह के द्वारा प्रतियोगिताओं का मूल्यांकन कर बधिर स्टार से सम्मानित किया गया। रिसोर्स टीचर राजेश कुमार मौर्य ने कहा कि दैनिक जीवन में अच्छा कर आगे बढ़ने के लिए बच्चों को प्रोत्साहन दिया जाना चाहिए। प्रतियोगिताओं के दौरान अंत में सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए गए, जिसमें मूक बधिर बच्चों ने डीजे की धुन पर शिक्षकों के इशारों पर डांस व मस्ती की। प्रतियोगिताओं में शिफा, रचना, वरुण, अंश, मीना, लक्ष्मी, प्रियंका, गुड़िया, शानू यादव, दुर्वेंद्र आदि श्रवण दिव्यांग बच्चों ने भाग लिया। इस मौके पर विशेष शिक्षक विमल दुबे, विजय सागर, रज्जन सिंह, बृजभूषण सिंह, राजेश सिंह, रेखा, मिथलेश आदि मौजूद रहे।