बदायूं। पुलिस लाइंस सभागार में व्यापार मंडल के पदाधिकारियों और व्यापारियों की गोष्ठी में एसएसपी अशोक कुमार त्रिपाठी ने सुरक्षा के टिप्स दिए। व्यापारियों से कहा कि वे सुरक्षा की दृष्टि से प्रतिष्ठान के अंदर और बाहर सीसीटीवी कैमरे लगवाएं। एसएसपी ने व्यापारियों को यह भी हिदायत दी कि वे अपनी दुकानों के बाहर अतिक्रमण न करें।
रविवार को आयोजित बैठक में एसएसपी अशोक कुमार त्रिपाठी ने व्यापारियों से कहा कि अतिक्रमण करने से सार्वजनिक मार्ग बाधित होता है जिससे शहर में जाम की स्थिति बनती जाती है तथा आम जनता को परेशानियों का सामना करना पड़ता है, इसलिए व्यापारी दुकानों के आगे अतिक्रमण न करें। यातायात नियमों के पालन के लिए भी व्यापारियों को जागरूक किया गया तथा बताया गया कि दो पहिया वाहनों पर हेलमेट और चार पहिया वाहनों में सीट बेल्ट का प्रयोग करें जिससे वे सुरक्षित रहेंगे तथा अपने परिवार व रिश्तेदारों को भी इस संबंध में जागरूक करे। इसके अतिरिक्त सराफा बाजार की दुकानों पर सीसीटीवी लगवाये जाने हेतु भी निर्देश दिए गए। जिससे संदिग्ध व्यक्तियों पर भी नजर रखी जा सके तथा कोई अप्रिय घटना होने पर अपराधी को पकड़ने में मदद मिल सके। बैंक से बडी धनराशि निकालने अथवा जमा कराने की सूचना संबंधित पुलिस थाने में दिए जाने के लिए भी निर्देशित किया गया। इस दौरान एसपी सिटी जितेन्द्र श्रीवास्तव, सीओ सिटी राघवेन्द्र सिंह राठौर व सीओ उझानी विनय कुमार द्विवेदी भी मौजूद रहे ।
सैनिक सम्मेलन में एसएसपी ने सुनीं समस्याएं
बदायूं। पुलिस लाइंस सभागार में सैनिक सम्मेलन में एसएसपी अशोक कुमार त्रिपाठी ने पुलिस कर्मियों की समस्याओं को सुना। जरूरी दिशा निर्देश भी संबंधितों को दिए। जनसुनवाई पोर्टल की शिकायतों के निस्तारण में बदायूं पुलिस को मंडल में पहला स्थान मिलने पर प्रभारी निरीक्षक आईजीआरएस प्रकोष्ठ राकेश सिंह, इंस्पेक्टर उझानी विनोद कुमार, एसओ उसावां राजीव कुमार, एसओ मूसाझाग ललित भाटी, एसओ मुजरिया धर्मेंद्र कुमार को प्रशस्ति पत्र भेंट किए।