बदायूं। अपनी विभिन्न मांगों के पूरा न होने के कारण राज्य विद्युत परिषद जूनियर इंजीनियर्स संगठन शाखा बदायूं के बैनर तले अवर अभियंताओं ने अधिशासी अभियंता कार्यालय पर धरना प्रदर्शन किया तथा मांगें पूरी न होने तक धरना जारी रखने का एलान किया।
धरने पर बैठे अवर अभियंताओं का कहना था कि जेेई अंकुर प्रसाद को अकारण ही निलंबित कर दिया गया, जो सही नहीं है। पिछली बार उन्हें जल्द ही बहाल करने का आश्वासन दिया गया था, लेकिन नहीं किया गया। इसके अलावा अधिशासी अभियंता प्रथम के द्वारा विनियम पद्धति से कार्य करने का दबाव बनाया जाता है। वार्ता करने पर सेवा पुस्तिका खराब करने की चेतावनी दी जाती है। अवर अभियंताओं ने मांग की कि जब तक जेई अकुंर का निलंबन वापस और ईई का स्थानांतरण नहीं किया जाता, उनका धरना प्रदर्शन जारी रहेगा। इधर उत्तर प्रदेश पावर कॉरपोरेशन निविदा संविदा कर्मचारी संघ ने भी अधीक्षण अभियंता को पत्र देकर ईई प्रथम पर कर्मचारियों से दुर्व्यवहार का आरोप लगाते हुए उनके स्थानांतरण की मांग की है। पत्र सौंपने वालों में जिलाध्यक्ष धीरेंद्र कुुमार, सुरेशचंद्र पाल, सत्यपाल शर्मा आदि शामिल रहे।