इस्लामनगर (बदायूं)। यदि लोगों की मुहिम रंग लाई तो जल्द ही इस्लामनगर पड़ोसी जिला संभल का हिस्सा हो सकता है। इसके लिए तमाम लोग स्थानीय स्तर से प्रयास भी कर रहे हैं। यदि जनता की उम्मीद के मुताबिक ऐसा हो जाता है तो निश्चित तौर पर इस्लामनगर क्षेत्र की जनता को काफी लाभ मिलेगा। इसके बाद नगर से जिला मुख्यालय की दूरी 60 किमी. से सिमटकर मात्र 12 किमी. रह जाएगी। विगत दिनों एक भाजपा नेता ने भी मुख्यमंत्री आवास पर पत्र सौंपकर इस मांग को उठाया है।
इस्लामनगर की इस समय बदायूं जिला मुख्यालय से दूरी 60 किमी है। संभल के जिला बनने के बाद यहां के लोग इस्लामनगर को संभल में शामिल करने की मांग उठाते रहे हैं। लगातार शासन और प्रशासन को ज्ञापन भी दिए गए हैं। दरअसल संभल के बहजोई स्थित जिला मुख्यालय की दूरी इस्लामनगर से केवल 12 किमी है। लोगों का कहना है कि जिला मुख्यालय से संबंधित मामले होने पर उन्हें 60 किमी की दौड़ लगानी पड़ती है। यदि इस्लामनगर संभल में शामिल हो जाता है तो यह दूरी काफी घट जाएगी। हालांकि यहां के लोग काफी समय से इसकी मांग उठाते रहे हैं, पर कोई ठोस नतीजा नहीं निकल सका। पिछले दिनों इस्लामनगर निवासी भाजपा नेता संजीव ने इस बारे में मुख्यमंत्री के यहां पत्र दिया था, जिसके बाद एक बार फिर नगर को संभल में शामिल करने की मांग जोर पकड़ रही है। बताते हैं कि इस संबंध में शासन द्वारा मुरादाबाद और बरेली मंडलायुक्त को पत्र भेजकर पूरी भौगोलिक रिपोर्ट भी मांगी जा चुकी है। इसके बाद बदायूं जिला प्रशासन ने बिल्सी और बिसौली एसडीएम से आख्या मांगी थी। दोनों एसडीएम से रिपोर्ट मांगने का कारण यह था कि इस्लामनगर ब्लॉक क्षेत्र दोनों तहसील क्षेत्र में आता है। बताया जाता है कि यहां से रिपोर्ट भेज दी गई थी। अब देखना होगा कि कब इस्लामनगर क्षेत्र की यह मुराद कब पूरी हो पाती है। जब इस्लामनगर ब्लाक संभल जिले का हिस्सा बनेगा।
संभल से है व्यापारिक जुड़ाव
इस्लामनगर क्षेत्र का व्यापारिक जुड़ाव पिछले लंबे समय से संभल जिले के चंदौसी और बहजोई से रहा है। अभी भी व्यापारी यहीं से कारोबार करते आ रहे हैं। वहीं अगर संभल में वे शामिल होते हैं, तो उन्हें बड़ी सहूलियतें मिलेंगी। बता दें कि चंदौसी व्यापारिक दृष्टि से इस क्षेत्र के लिए बेहद खास है।
पिछले दिनों मुख्यमंत्री आवास पर उनकी अनुपस्थिति में शिकायतों का निस्तारण कर रहे मंत्री गिरीश चंद यादव से मिले थे, और जल्द से जल्द इस्लामनगर को संभल जिले में शामिल करने की मांग को लेकर उन्हें पत्र दिया। मंत्री द्वारा विभाग के मुख्य सचिव को उनका मांग पत्र सौंपकर जल्द से जल्द कार्यवाही करने की बात कही गई है। -संजीव, भाजपा नेता
जिला मुख्यालय के पास होने से कस्बे व क्षेत्र का विकास होगा और जनता को आसानी से सुविधाएं मुहैया होंगी। अभी जिला मुख्यालय से संबंधित कामों के लिए लोगों को बदायूं तक की दौड़ लगानी पड़ती है, लेकिन संभल में शामिल होने के बाद बहजोई से सारे काम हो जाएंगे। -निशात मुशाहिद, नगर पंचायत अध्यक्ष
क्षेत्रवासियों का व्यापारिक जुड़ाव संभल जिले के बहजोई व चंदौसी से ज्यादा है। इससे व्यापारियों को काफी सुविधाएं मिलेंगी। चंदौसी की दूरी भी कम है। यहां से भी कई काम निपट जाएंगे। -शरद बजाज, व्यापारी
जनता को शिक्षा, चिकित्सा और न्याय जल्दी व सुगमता से मिलेगा। दूर होने की वजह से गरीब जनता न्याय से वंचित रह जाती है। कई लोग तो दूरी ज्यादा होने के कारण समय पर पहुंच भी नहीं पाते हैं। -विनोद शर्मा, व्यापारी
-
इस्लामनगर को संभल जनपद में शामिल करने के लिए रिपोर्ट कुछ माह पूर्व मांगी गई थी, जिसे भेज भी दिया गया था। -लालबहादुर सिंह, एसडीएम बिल्सी
-
यह मेरे आने से पूर्व का मामला हो सकता है। मैं यहां फरवरी में आया हूं। इसकी जानकारी नहीं हैं। हो सकता है कि इस्लामनगर ब्लॉक होने के कारण ब्लॉक से इसकी रिपोर्ट मांगी गई हो। -किशोर गुप्ता, एसडीएम बिसौली