बदायूं। पिछले कई महीनों से मझिया सड़क पर भरा पानी और टूटा मार्ग लोगों के लिए मुसीबत बना हुआ है। ऐसे में वहां पर रहने वाले और उधर से निकलने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। लोगों की परेशानी को ध्यान में रखते हुए अमर उजाला ने प्रमुखता से इससे संबंधित खबरों को प्रकाशित किया, जिसके बाद लोक निर्माण विभाग ने इसकी सुध ली। विभाग के प्रयासों के बाद में इस मार्ग को बनाने की न केवल अनुमति मिली, बल्कि शासन की ओर से 8.61 करोड़ रुपये की धनराशि भी स्वीकृत कर दी गई है। उम्मीद है इस रोड को बनाने का काम अक्तूबर माह में पीडब्ल्यूडी की ओर से शुरू किया जाएगा।
बदायूं से दातागंज जाने वाले बाईपास मझिया रोड के हालत बेहद खराब है। पिछले कई माह से यह रोड टूटा पड़ा है। रोड के आसपास के मोहल्लों से पानी का निकास नहीं होने के कारण पानी सड़क पर भरने लगा। ऐसे मेें ट्रैफिक के निकलने की वजह से वहां पर रोड टूटने लगा। पिछले कुछ माह से हालात ये हो गए हैं कि इस रोड पर रोजाना कोई न कोई वाहन तालाबनुमा गड्ढों में फंस जाता है। जिन्हें निकालने के लिए क्रेन आदि का सहारा लेना पड़ता है। वहीं बाइक सवार और स्कूली बच्चों को भी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। रोड खराब होने की वजह से कई बार बाइक सवारों के साथ स्कूली बच्चे गिरकर चोटिल हो चुके हैं। लोगों की परेशानी को देखते हुए अमर उजाला ने इसकी खबरों को प्रमुखता से प्रकाशित किया, जिसके बाद विभागीय अधिकारियों ने इस ओर ध्यान दिया। उनके द्वारा इस सड़क के निर्माण को लेकर पैरवी की गई। जिसके बाद में शासन स्तर से सड़क निर्माण के लिए हरी झंडी मिल गई। शासन से इसके निर्माण के लिए 8.61 करोड़ रुपये का प्रस्ताव पास कर दिया। लोक निर्माण विभाग की मानें तो कुछ ही दिनों में टेंडर प्रक्रिया पूरी कर अक्तूबर माह के प्रथम सप्ताह से निर्माण कार्य शुरू हो जाएगा।
शासन की ओर से मझिया रोड बनाने के लिए स्वीकृति मिल गई है। इसके लिए शासन ने 8.61 करोड़ रुपये मंजूर किए हैं। अब जल्द ही लोगों की समस्या का निदान हो जाएगा। सड़क के साथ-साथ दोनों तरफ नाले का भी निर्माण कराया जाएगा।
- हेमंत कुमार, अधिशासी अभियंता खंड द्वितीय, लोक निर्माण विभाग