देहात में दो घंटे और शहर में पांच घंटे बढ़ी बिजली सप्लाई
बिजली का नया शेड्यूल 31 मार्च तक रहेगा लागू
जिले में बिजली सप्लाई का नया शेड्यूल लागू होने से राहत की बात यह है कि शहरी क्षेत्र में पांच और देहात क्षेत्र में दो घंटे बिजली सप्लाई बढ़ाई गई है। वहीं शहरी क्षेत्र के लोगों को रात की सप्लाई में कटौती कर दिन की सप्लाई बढ़ाए जाने से शहरियों की दो घंटे नींद खराब होगी।
नए शेड्यूल के अनुसार शाम चार बजे से रात एक बजे तक बिजली मिलेगी। इसके बाद रात तीन बजे से दोपहर दो बजे तक बिजली सप्लाई दी जाएगी। विभाग के कंट्रोल रूम से मिले शेड्यूल के अनुसार देहात में रात 10.30 बजे से सुबह 6.30 बजे तक बिजली सप्लाई मिलेगी। वहीं दिन में 12 बजे से शाम 6.00 बजे तक सप्लाई मिलेगी। इसके अलावा इमरजेंसी में बिजली कटौती बढ़ भी सकती है और शेड्यूल से अधिक सप्लाई भी मिल सकती है।
यहां बता दें कि शहरी क्षेत्र की सप्लाई में रात एक बजे जब नींद चरम पर होती है। दो घंटे की बिजली सप्लाई नहीं मिलेगी। रात में मच्छरों और गर्मी से जूझना पड़ सकता है और नींद भी खराब होगी। हालांकि बिजली विभाग ने पहले के शेड्यूल की तुलना में जहां शहरी क्षेत्र को 15 घंटे की तुलना में 20 घंटे और देहात को 12 घंटे की तुलना में 14 घंटे बिजली आपूर्ति दी है। एक्सईएन छैल बिहारी ने बताया कि मंगलवार से लागू होने वाला नया शेड्यूल 31 मार्च तक के लिए आया है।