बदायूं। परिषदीय विद्यालयों में नए शिक्षण सत्र की शुरुआत मंगलवार से होगी। पहले दिन स्कूल पहुंचने वाले बच्चों का तिलक लगाकर व फूल माला पहनाकर स्वागत किया जाएगा। इसके साथ ही विद्यालयों को फूल और गुब्बारे से सजाने के लिए कहा गया है। मिड-डे मील में भी बच्चों को हलवा, पूरी और खीर पराेसी जाएगी। बीएसए ने सभी बीईओ व प्रधानाध्यापकों को इसके लिए निर्देश दिए हैं।
बच्चों के स्कूल का पहला दिन ऐसा होगा, जिससे वह नियमित विद्यालय आने के लिए प्रेरित हों। जिले भर के 2155 विद्यालयों में तीन लाख बच्चों का पंजीकरण हो चुका है। इस सत्र में नामांकन बढ़ाने पर विशेष जोर है। इसके मद्देनजर पहले दिन से ही काम करने के निर्देश दिए गए हैं। सभी विद्यालयों में प्रवेशोत्सव होगा। कक्षाओं में रुचिकर गतिविधियों का संचालन किया जाएगा। साथ ही मिड-डे मील में उन्हें पूरी, हलवा या खीर सहित अन्य पकवान परोसने के निर्देश दिए गए हैं। पहली जुलाई से ही स्कूल चलो अभियान की भी शुरुआत होगी।
साफ-सफाई न हुई तो शिक्षकों के खिलाफ होगी कार्रवाई
बीएसए वीरेंद्र कुमार ने कहा कि कक्षा एक से तीन तक के विद्यार्थियों को सत्र के पहले दिन ही किताबें मुहैया करा दी जाएगी। बताया कि बीआरसी के माध्यम से विद्यालयों को किताबें भेज दी गई हैं। साथ ही विद्यालय परिसर की साफ सफाई, फूल-पत्ती व रंगोली से सजाने को कहा गया है। कक्षा के ब्लैक बोर्ड, खिड़की, दरवाजे, दीवारों आदि को धुलवाने व पानी की टंकी, वॉशरूम, किचन, पुस्तकालय, भंडार-कक्ष, प्रयोगशाला आदि की सफाई करवाने के लिए कहा है। कहा कि जिस स्कूल में निर्देशों का पालन नहीं हुआ, वहां के शिक्षकों पर कार्रवाई की जाएगी।