दातागंज में बालक की मौत के बाद बिलखते परिजन।स्रोत:वीडियोग्रैब
दातागंज। कस्बे के मोहल्ला अरेला में बृहस्पतिवार को एक झोलाछाप के इलाज से डेढ़ साल के बालक की मौत हो गई। परिजनों ने झोलाछाप पर लापरवाही का आरोप लगाकर हंगामा किया। पुलिस ने परिजनों को शांत कराया। परिजनों ने बालक के शव का पोस्टमॉर्टम कराने से इंकार किया है। बालक की मौत से परिजनों में कोहराम मचा है।
दातागंज कोतवाली क्षेत्र के गांव सलेमपुर निवासी राजू के डेढ़ साल के बेटे सचिन उर्फ भूरे की पीठ पर बुधवार दोपहर खौलती चाय गिर गई थी। इससे वह गंभीर रूप से झुलस गया था। बृहस्पतिवार दोपहर परिजन बालक को कस्बा के मोहल्ला अरेला के एक झोलाछाप के पास लेकर गए। वहां पर उसका इलाज कराया। पिता राजू का आरोप है कि झोलाछाप ने उनके बेटे को एक इंजेक्शन लगाया। इससे उसकी अचानक हालत बिगड़ गई। झोलाछाप ने बालक को दूसरे अस्पताल ले जाने की बात कही। वह बालक को सीएचसी ले गए। वहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। बालक की मौत की खबर सुनते ही परिजनों में चीख पुकार मच गई। बालक के पिता व परिवार के लोग झोलाछाप की दुकान पर पहुंचे। वहां हंगामा किया। इस दौरान झोलाछाप भाग गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने परिजनों को शांत कराया। पुलिस ने लापरवाही के आरोप के कारण शव का पोस्टमॉर्टम कराने की बात कही, लेकिन परिजनों ने मना कर दिया। परिजन बालक के शव को रोते बिलखते घर ले गए। दातागंज कोतवाल गौरव विश्नोई ने बताया कि बालक की मौत की सूचना पर पुलिस गई थी। तहरीर आने पर कार्रवाई की जाएगी।