बदायूं। गुरुवार को जिला अस्पताल पहुंची क्वालिटी इंश्योरेंस टीम ने ओपीडी से लेकर इमरजेंसी, वार्ड और अस्पताल के अन्य स्थानों को चेक किया। इस दौरान टीम ने अस्पताल की मशीनरी व्यवस्था भी देखी और स्टाफ से प्रत्येक विषय पर जानकारी ली।
क्वालिटी इंश्योरेंस टीम में शामिल जिला परामर्शदाता, क्वालिटी रामपुर डॉ. प्रशांत सिंह और बरेली से आए डॉ. सतेंद्र सिंह ने सबसे पहले जिला अस्पताल की ओपीडी का निरीक्षण किया। ओपीडी में उन्होंने डॉक्टरों के बैठने के स्थान से लेकर उनके कमरों के हालात, मरीजों के बैठने की व्यवस्था भी चेक की। बाद में उन्होंने इमरजेंसी, वार्ड, परिसर, ब्लड बैंक, ऑपरेशन थियेटर आदि भी चेक किया। अस्पताल की मशीनरी भी चेक की। एक्स-रे, अल्ट्रासाउंड, सीटी स्कैन मशीन को भी देखा। डॉ. सतेंद्र सिंह ने बताया कि वह अस्पताल की व्यवस्थाएं चेक करने आए हैं। स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत जो भी कमियां पाई जाएंगी, उनकी रिपोर्ट बनाकर वह उच्च अधिकारियों को पेश करेंगे, जिससे अस्पताल की व्यवस्थाओं में सुधार लाया जा सके। स्टाफ के व्यवहार को भी चेक किया गया है। जंगली जानवरों से कैसे बचाएं, सफाई व्यवस्था कैसे रखें आदि निर्देश भी दिए गए हैं। इस दौरान प्रभारी सीएमएस डॉ. उदयवीर सिंह भी मौजूद रहे।