बिसौली कस्बे में ठगी के बाद परेशान बैठी महिला। संवाद
- फोटो : BADAUN
बिसौली (बदायूं)। कस्बे के टंकी मोहल्ले में एक ग्रामीण महिला को रिश्ते की बहन बनाकर सोने के जेवर ठग लिए गए। बदले में ठग उन्हें कागज की एक गड्डी पकड़ा गए। उसके ऊपर बीस और नीचे सौ रुपये का नोट लगा था। जब महिला ने गड्डी खोलकर देखी तो उन्हें ठगी का अहसास हुआ। उन्होंने अज्ञात उचक्कों के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी है।
कोतवाली क्षेत्र के गांव चंदपुरा निवासी जलधारा पत्नी छत्रपाल शुक्रवार सुबह कस्बा आईं थीं। जलधारा के मुताबिक वह गांव से एक टेंपो में सवार हुईं थीं। कस्बे में आकर वह टंकी मोहल्ले में टेंपो से उतर गईं। वह सड़क किनारे खड़ी थीं कि उन्हें दो युवक दिखाई दिए। दोनों युवक महिला को अकेला देखकर उसकी ओर बढ़ गए। जलधारा को उन्होंने रिश्ते की बहन बताया और उनके पैर छुए। महिला ने उन्हें पहचानने से इनकार किया। तो वह बोले कि पहचानो हम कौन हैं। महिला ने दो-चार रिश्तेदारों के नाम बताए। उनमें से एक रिश्तेदार का नाम सुनकर ठगों ने हामी भर दी। हमने काफी दिनों बाद देखा है, इससे पहचान नहीं रही हो। वह काफी देर तक वहीं सड़क पर बैठे बातें करते। इसी दौरान उन्होंने महिला को अपने झांसे में ले लिया। उनके कुंडल और सोने की चेन उतरवा ली। महिला को बताया कि सोने के जेवर हैं कोई उतार लेगा। उन्होंने जेवर अपने पास रख लिए, महिला को एक कपड़े में लपेटकर कागज की गड्डी थमा दी। उसके ऊपर बीस और नीचे सौ रुपये का नोट लगा था।
बोले जाओ बहन इन रुपयों को बैंक में जमा कर आओ। वह तुरंत बाइक पर बैठकर भाग गए। उनके जाने के बाद महिला ने कपड़ा हटाकर गड्डी देखी को वह हैरान रह गईं। ठगी होने पर रोने लगीं, उन्हें देखकर कई लोग आ गए। उनकी सूचना पर पुलिस भी आ गई और मामले की जानकारी करते हुए कार्रवाई का आश्वासन दिया।
यह मामला मेरे संज्ञान में नहीं है। कोतवाली पुलिस से पता करते हैं। इसमें ठगों को तलाश कर कार्रवाई कराई जाएगी। - शक्ति सिंह, सीओ बिसौली