बदायूं। बिनावर थाना क्षेत्र के एक गांव में टेलर हत्याकांड मामले में पुलिस ने अदालत में चार्जशीट दाखिल कर दी है। पुलिस ने हत्यारोपियों से बरामद तमंचा-कारतूस की लैब रिपोर्ट, लोकेशन, कॉल सीडीआर समेत कई अहम साक्ष्यों को संकलित किया है।
थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी टेलर (50) की 24 फरवरी की रात घर के सामने हैंडपंप पर पानी भरते समय गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। हत्या से पांच माह पूर्व टेलर की बेटी को गांव का ही रिजवान उर्फ मुस्कान दिल्ली से बहलाकर अगवा कर ले गया था। इस मामले में टेलर ने पुलिस से शिकायत की थी, लेकिन पुलिस ने आरोपी के खिलाफ कार्रवाई नहीं की थी। टेलर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई को लेकर प्रयास में था। इसको लेकर रिजवान उर्फ मुस्कान बौखला गया था। रिजवान ने अपने साथी फैजान के साथ मिलकर उसकी हत्या कर दी। टेलर की बड़ी बेटी ने रिजवान और फैजान के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस ने फैजान को गिरफ्तार किया था। इसके बाद रिजवान को गिरफ्तार कर जेल भेजा था। मुकदमे की विवेचना क्राइम इंस्पेक्टर ने की। विवेचना के दौरान हत्या में इस्तेमाल किया तमंचा व कारतूस का खोखा लैब भेजकर एफएसएल रिपोर्ट मंगाई गई थी। इसके अलावा परिजनों के बयान समेत अन्य अहम साक्ष्य संकलित किए गए। विवेचक ने दोनों हत्यारोपियों के खिलाफ अदालत में चार्जशीट दाखिल कर दी है। बिनावर इंस्पेक्टर अशोक कुमार कंबोज ने बताया कि टेलर हत्याकांड मामले में दोनों आरोपियों पर चार्जशीट लग गई है।