जिला पंचायत चुनाव में 42-चंगासी सीट का विवाद अभी भी थमने का नाम नहीं ले रहा है। इस सीट पर पराजित घोषित किए गए प्रत्याशियों ने मिलकर पुनर्मतगणना कराए जाने की पुरजोर मांग की है। इस संबंध में एडीएम प्रशासन/ उप जिला निर्वाचन अधिकारी को ज्ञापन भी दिया है।
जिला मुख्यालय पर एकत्र हुए प्रत्याशियों में से संगीता पाठक, खुशीराम कश्यप, वेद पाल शाक्य और नत्थूराम कश्यप ने दिए ज्ञापन में कहा है कि मतपत्र बदल गए थे तब ही उन्होंने आरओ को अवगत करा दिया था। चुनाव आयोग को भी फैक्स कर दिया गया था। चंगासी में 16 प्रत्याशी वाले मतपत्र निकले हैं जबकि इस सीट पर 19 प्रत्याशी हैं। सत्ता के दबाव में मतदान और मतगणना में घपले किए गए हैं। गूरा बरेला में भी इसी प्रकार की गड़बड़ी हुई थी। जहां पुनर्मतदान कराया गया तो यहां क्यों नहीं। सभी प्रत्याशियों ने इस संबंध में पुनर्मतगणना कराए जाने की मांग की।