तीन माह में भी नहीं बनवा सके अस्थायी गोआश्रय स्थल
संवाद न्यूज एजेंसी
बदायूं। सड़क पर घूम रहे निराश्रित पशुओं के लिए जिले में अस्थायी गोआश्रय स्थल बनाए जाने थे। इसको लेकर सभी ग्राम पंचायत सचिवों को निर्देशित किया गया था, लेकिन जिले में 35 सचिवों की तरफ से इसमें लापरवाही करते हुए गोआश्रय स्थल नहीं बनाए गए। इस पर सीडीओ ने इन सचिवों के वेतन आहरण पर रोक लगा दी है।
शासन की शीर्ष प्राथमिकताओं में निराश्रित पशुओं के रहने के लिए गोआश्रय स्थल बनाए जाने हैं। जिलास्तरीय अधिकारियों ने कलस्टर बनाकर गोआश्रय स्थल का निर्माण कार्य कराए जाने के सचिवों को निर्देश दिए थे।
सीडीओ केशव कुमार ने जब गोआश्रय स्थल बनाए जाने की समीक्षा की, तब उन्होंने पाया कि तीन माह पहले कलस्टर बनाकर सचिवों को दे दिए थे। उसके बावजूद आज तक वहां पर गोआश्रय स्थल का निर्माण नहीं हुआ है। इस पर सीडीओ ने नाराजगी व्यक्त करते हुए 35 ग्राम पंचायत सचिवों के वेतन आहरण पर रोक लगा दी है।
साथ ही निर्देशित किया है कि जल्द से जल्द गोआश्रय स्थल का निर्माण कराकर निराश्रित पशुओं को वहां पर रखें और फोटोग्राफ बीडीओ के माध्यम से डीपीआरओ कार्यालय में उपलब्ध कराएं।