बदायूं। जिला पोषण मिशन की बैठक में सीडीओ केशव कुमार ने ली। चेहरा प्रमाणीकरण कार्यों में धीमी प्रगति पर उन्होंने नाराजगी जताई और सुधार के निर्देश दिए। कहा कि जिन ब्लॉकों में अपेक्षित प्रगति नहीं होगी। वहां के सीडीपीओ का वेतन रोका जाएगा। पुष्टाहार का वितरण समय से कराने और किसी भी समस्या की सूचना मुख्यालय को देने के निर्देश भी दिए गए।
विकास भवन सभागार में संभव 2.0 अभियान की समीक्षा के दौरान सीडीओ ने गर्भवती महिलाओं व बच्चों का वजन पोषण ट्रैकर पर दर्ज करने के निर्देश दिए, ताकि कुपोषित बच्चों का समय से चिह्नित कर इलाज व सुविधाएं दी जा सकें। उन्होंने आंगनबाड़ी केंद्रों पर बेबी फ्रेंडली शौचालय और पेयजल की व्यवस्था करने को भी कहा। वर्तमान में जिले में 2,940 आंगनबाड़ी केंद्र संचालित हैं। वहीं जिला वृक्षारोपण समिति की समीक्षा में सीडीओ ने सभी विभागों को जियो टैगिंग का कार्य शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए। जिला गंगा समिति की बैठक में उन्होंने जिला पंचायत राज अधिकारी यवार अब्बास को गंगा ग्रामों में ग्राम गंगा सेवा समितियों का गठन शासन द्वारा दिए प्रारूप पर करने और रिपोर्ट उपलब्ध कराने को कहा। साथ ही मनरेगा उपायुक्त को 2019 से 2025 तक नदी पुनरुद्धार पर किए गए कार्यों का ब्यौरा राज्य स्वच्छ गंगा मिशन के प्रारूप में भेजने के निर्देश दिए।