उझानी। कांवड़ यात्रा के दौरान हर गतिविधि और हालात पर नजर रखने के लिए एआरटीओ दफ्तर मोड़ से कछला के पास तक करीब एक दर्जन स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगेंगे। कैमरों को पुलिस कंट्रोल रूम से अटैच रखा जाएगा, ताकि जिले के अधिकारी भी कांवड़ यात्रा से अपडेट रहें।
सीसीटीवी कैमरे लगवाने के लिए ब्लॉक प्रशासन की ओर से कांवड़ियों के रूट से जुड़ीं ग्राम पंचायतों को इसकी जिम्मेदारी सौंपी गई है। बीडीओ सर्वज्ञ अग्रवाल ने बताया कि सीसीटीवी कैमरे लगवाने के लिए एक दर्जन स्थान चयनित किए गए हैं। कैमरे एआरटीओ दफ्तर से कछला के पास अल्लीपुर तक लगेंगे। कैमरों को पुलिस कंट्रोल रूप से अटैच किया जाएगा।
कैमरे लगाए जाने का काम तीन दिन में पूरा होने की उम्मीद है। ग्राम पंचायत विकास अधिकारियों को भी निर्देशित किया जा चुका है। इसके अलावा पथ प्रकाश व्यवस्था भी कराई जाएगी। हालांकि हाईवे चौड़ीकरण का कार्य चलने की वजह से सड़क किनारे के खंभे पहले ही उखाड़े जा चुके हैं। ब्लॉक कर्मी लकड़ी के खंभे लगाकर उन पर एलईडी बल्व लगवाएंगे। इसके लिए बीडीओ समेत ब्लॉक कर्मियों ने ब्लॉक क्षेत्र में हाईवे की स्थिति पर गौर भी किया।
ब्लॉक के सफाई कर्मियों की भी ड्यूटी लगाई
उझानी ब्लॉक क्षेत्र में कांवड़ियों का रूट बहेड़ी मोड़ से शुरू होकर कछला कस्बे से पहले तक है। यह रूट बरेली-मथुरा हाईवे से जुड़ा है। इसकी सफाई के लिए ब्लॉक प्रशासन की ओर से 25 सफाई कर्मियों को ड्यूटी पर लगाया है। कांवड़ यात्रा के दौरान खासकर सफाई के लिए ये कर्मचारी प्रत्येक दिन कार्यरत रहेंगे। बीडीओ अग्रवाल ने बताया कि इसकी निगरानी वह खुद और एडीओ करेंगे।