बदायूं। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) की परीक्षाएं शनिवार से प्रारंभ हो जाएंगी। पहले दिन हाईस्कूल अंग्रेजी विषय की परीक्षा होगी। जिले में सीबीएसई के विद्यालयों के छात्र-छात्राओं की परीक्षा के लिए आठ केंद्र बनाए गए हैं। 10वीं और 12वीं की परीक्षा में 3,500 बच्चे शामिल होंगे। परीक्षा की तैयारियां पूरी कर ली गईं हैं।
परीक्षा की तैयारियों के लिए शुक्रवार को सभी परीक्षा केंद्रों पर सिटिंग प्लान बनाकर सूची चस्पा करा दी गई। सिटिंग प्लान देखने के लिए छात्र-छात्राएं शुक्रवार को भी परीक्षा केंद्रों पर पहुंचते रहे। वहीं, स्कूलों की तरफ से भी बच्चों को प्रवेशपत्र जारी कर दिए गए हैं। शनिवार सुबह दस बजे से लेकर अपराह्न 1:30 बजे तक 12वीं की अंग्रेजी विषय की परीक्षा होगी, जबकि 17 फरवरी को 10वीं हिंदी की परीक्षा होगी।
परीक्षा को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से परीक्षा केंद्रों पर व्यवस्थाएं पूरी कर ली गईं हैं। परीक्षा केंद्रों पर केंद्र व्यवस्थापक भी नियुक्त हो गए हैं। जिले में आठ केंद्रों पर परीक्षा संपन्न होगी।