बदायूं। सिविल लाइंस क्षेत्र में जमीन के नाम पर 1.50 लाख रुपये की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। न्यायालय के आदेश पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी, धमकी देने और गालीगलौज की धाराओं में केस दर्ज किया है।
सिविल लाइंस क्षेत्र के आवास विकास इंद्रानगर कॉलोनी निवासी सतीश चंद ने न्यायालय में प्रार्थना पत्र दे कर बताया पुलिस कि उनकी आरोपी चंद्रपाल लेखपाल से बातचीत होती थी। आरोप है कि आरोपी ने जमीन दिलाने का झांसा देकर उससे रुपये लिए। 14 फरवरी को 20 हजार रुपये ऑनलाइन भेजे गए। इसके बाद अलग-अलग तारीखों में 40 हजार नगद और 90 हजार ऑनलाइन माध्यम से रकम दी गई।
पीड़ित के मुताबिक, जमीन का बैनामा कराने के नाम पर कुल 1.50 लाख रुपये ले लिए गए, लेकिन न जमीन मिली और न ही रकम वापस की गई। आरोप है कि रुपये वापस मांगने पर आरोपी टालमटोल करने लगा। बाद में धमकी देने और गालीगलौज करने की शिकायत भी की गई। एएसपी सुमेध मिलिंद जाधव ने बताया कि न्यायालय के आदेश पर केस दर्ज कर जांच कराई जा रही है। जांच और साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।