सहसवान। नोटिस दिए जाने के बाद समय सीमा में जवाब न देने पर एक निजी अस्पताल के संचालक और उनकी महिला सहयोगी के खिलाफ संबंधित धाराओं में सहसवान के चिकित्सा अधीक्षक ने रिपोर्ट दर्ज करा दी है। इससे नगर क्षेत्र में चल रहे अवैध अस्पताल संचालकों में हड़कंप है।
चौकी नंबर चार के पास नीलम हेल्थकेयर, नीलम हॉस्पिटल के संचालक को तीन दिन पहले चिकित्साधीक्षक डॉ. प्रशांत त्यागी की ओर से नोटिस जारी किया गया था। इसमें कहा गया था कि वह बिना किसी अधिकृत चिकित्सा डिग्री और वैध पंजीकरण के चिकित्सा कार्य कर रहे हैं, जो यूनाइटेड प्रोविन्स मेडिकल एक्ट 1939 और इंडियन मेडिकल काउंसिल एक्ट 1956 की धाराओं का उल्लंघन है। अस्पताल संचालक को निर्देश दिए गए थे कि नोटिस प्राप्त होने के दो दिन के अंदर अपने सभी चिकित्सा प्रमाणपत्र, डिग्री, राज्य चिकित्सा पंजीकरण बोर्ड के प्रमाणपत्र और संबंधित दस्तावेज सीएचसी सहसवान में प्रस्तुत करें।
निर्धारित समय में कागजात प्रस्तुत नहीं करने पर सीएचसी के चिकित्साधीक्षक डॉ. प्रशान्त त्यागी के शिकायतीपत्र पर चौकी नंबर चार स्थित नीलम हेल्थ केयर सेन्टर, हॉस्पिटल के संचालक अशोक कुमार पुत्र हरप्रसाद निवासी गांव पहाड़पुर जनपद फिरोजाबाद और नीलम देवी निवासी मकान नंबर 10 गोलई होटल छारबाग फिरोजाबाद के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। इसमें अवैध रूप से चिकित्सा व्यवसाय करने व बिना पंजीकरण के निजी अस्पताल चलाने का आरोप है। कोतवाल धनंजय सिंह ने बताया कि सीएचसी के चिकित्साधीक्षक के शिकायतीपत्र पर रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।