बदायूं। एसएसपी संकल्प शर्मा ने मंगलवार को ओरछी चौराहे के नजदीक कोल्ड स्टोर में पड़ी डकैती का खुलासा कर दिया। इसमें तीन बदमाश पकड़े गए हैं। उनके पास से लूट के दो लाख रुपये और सोने-चांदी के आभूषण समेत तमंचा बरामद हुआ है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीनों बदमाशों को जेल भेजा है।
पुलिस लाइंस सभागार में खुलासा करते हुए एसएसपी संकल्प शर्मा ने बताया कि एक माह पूर्व 24 अक्तूबर की रात छह बदमाशों ने फैजगंज बेहटा क्षेत्र में ओरछी चौराहे के नजदीक कोल्ड स्टोर पर धावा बोल दिया था। बदमाशों ने कोल्ड स्टोर के चौकीदार व दो अन्य लोगों के साथ मारपीट की थी। उसके बाद ऑफिस में रखे साढ़े सात लाख रुपये लूट ले गए थे। इसका खुलासा करने के लिए पुलिस टीम लगाई गई थी। सोमवार रात फैजगंज बेहटा पुलिस ओरछी चौराहे पर चेकिंग कर रही थी कि उसी समय पुलिस को सूचना मिली कि सिसरका रेलवे स्टेशन के नजदीक कुछ बदमाश देखे गए हैं। पुलिस ने मुखबिर के आधार पर घेराबंदी करते हुए तीन बदमाशों को दबोच लिया। थाने लाकर पूछताछ की गई। इनमें एक ने अपना नाम जौन सिंह पुत्र मुंशीलाल निवासी ग्राम साहनपुर बिसौली व हाल निवासी अशोकनगर थाना बनियाठेर संभल, दूसरे ने सोनू पुत्र महेंद्र सिंह निवासी ग्राम साहनपुर और तीसरे ने भूरे उर्फ तेजपाल पुत्र पोशाकी निवासी मितरौली थाना इस्लामनगर बताया। एक बदमाश भागने में कामयाब रहा।
पूछताछ में बदमाशों ने बताया कि एक माह पूर्व उन्होंने अपने साथी अनिल पुत्र महेश निवासी ग्राम साहनपुर और प्रेमपाल उर्फ धर्मपाल पुत्र ठाकुरदास निवासी ग्राम नवाबपुरा भटपुरा बिसौली के साथ कोल्ड स्टोर में डकैती डाली थी। अनिल और प्रेमपाल इस समय एक डकैती के मामले में उत्तराखंड के जिला ऊधमसिंह नगर की जेल में बंद हैं।
बदमाशों के पास से दो लाख सात हजार रुपये, एक तमंचा, एक चाकू, एक सब्बल, एक पेंचकस, एक प्लास, एक प्लास्टिक रस्सी, करीब पचास हजार के आभूषण बरामद हुए हैं। तीनों बदमाशों को जेल भेज दिया गया है। खुलासे के दौरान एसपी देहात सिद्घार्थ वर्मा, सीओ बिसौली विनय सिंह चौहान, इंस्पेक्टर अजय कुमार चाहर, सर्विलांस प्रभारी रामगोपाल शर्मा, स्वाट टीम प्रभारी धीरज सोलंकी, एसआई शिवकुमार आदि मौजूद रहे। एसएसपी ने टीम को पंद्रह हजार का इनाम दिया है।