दातागंज। हजरतपुर थानाक्षेत्र में अवैध कब्जा ढहाने पहुंची राजस्व टीम पर पथराव करने और जाम लगाने वाले दुंदीनगला के 52 लोगों के खिलाफ पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। लेखपाल जितेंद्र कुमार की तहरीर पर पुलिस ने 17 नामजद व 35 अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। पुलिस नामजदों की तलाश में दबिश दे रही।
दातागंज तहसील में तैनात लेखपाल जितेंद्र कुमार ने बताया कि दुंदीनगला के रामशरण ने ग्राम समाज की जमीन पर कब्जा करके दुकान बना ली थी। इसका मामला तहसीलदार की कोर्ट में चल रहा था। हाल ही में तहसीलदार की कोर्ट ने अवैध कब्जा ढहाने का आदेश दिया। इसलिए बृहस्पतिवार को वह अवैध कब्जा ढहाने गए थे। पुलिस और राजस्व की टीम मौके पर पहुंची तो रामशरण ने गाली गलौज की। जब टीम लौटने लगी तो उन लोगों ने लेखपाल गोपाल सक्सेना की गाड़ी के शीशे तोड़ दिए। लेखपाल जितेंद्र का गला दबाने का प्रयास किया।
किसी तरह पुलिस ने उन्हें बचाकर अपनी जीप में बैठाया तो दबंगों ने घेर लिया। इसके बाद पांच थानों को पुलिस को बुलाया गया तो वह बच सके। उन्होंने बताया कि मनोज और रामदेवी सड़क पर लेट गईं। इसके बाद पथराव कर दिया। मुकदमा दर्ज होने के बाद कई आरोपी घर छोड़ कर भाग गए हैं। लेखपाल की तहरीर पर सरकारी काम में बाधा डालना, तोड़फोड़, मारपीट सहित अन्य गंभीर धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की गई है।
इनके खिलाफ दर्ज हुई रिपोर्ट
दुंदीनगला निवासी रामशरण, रामदेवी, रामरहीस, लालाराम, सूरजपाल, रविंद्र, अतेंद्र, ओमेंद्र, सोनू, बलवीर, रामासरे, मनोज, कपूर, रामबाबू, मडसेना निवासी हनुमंत, रजनेश और नक्षत्रपाल व 35 अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।