डीएम ने पुनरीक्षण में लगे कर्मियों को किया आगाह
जिलाधिकारी पवन कुमार ने विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र की फोटोयुक्त वोटर लिस्ट के पुनरीक्षण कार्य में लगे बीएलओ को चेतावनी दी है कि यदि तीन दिन में पंजिका पूर्ण कर मृृतक मतदाताओं और डबल नामों को वोटर लिस्ट से हटाकर महिलाओं के प्रतिशत में बढ़ोतरी नहीं की तो उनकी सेवाएं समाप्त कर दी जाएंगी।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी हवलदार यादव के साथ जिलाधिकारी ने सोमवार को तहसील दातागंज पहुंचकर 413 बीएलओ तथा 41 सुपरवाइजरों के साथ बैठक कर वोटर लिस्ट के पुनरीक्षण कार्य की गहन समीक्षा की। जिलाधिकारी ने एक-एक बीएलओ को अपने समक्ष तलब कर उनसे जानकारी ली तो अधिकतर बीएलओ का कार्य पिछड़ा हुआ मिला। इस पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताई। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी बीएलओ घर-घर जाकर सर्वे करें। एक जनवरी 2017 को 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले युवक-युवतियों का नाम मतदाता सूची में शामिल किया जाए। नव विवाहित युवतियों तथा वंचित महिलाओं को मतदाता बनाने पर विशेष बल दिया जाए।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि यदि किसी युवती के फोटोग्राफ मिलने की कोई समस्या हो, तो नए मतदाता बनने वालों की सूची तैयार कर लें, जिससे गांव में जाकर सबके फोटो एक साथ खिंचाए जा सकें। उन्होंने महिला बीएलओ से कहा कि वह स्वयं मोबाइल से महिला मतदाताओं के फोटो खींच सकती हैं।
समीक्षा के दौरान बूथ संख्या 334 बीएलओ नीलम, 315 नंबर बूथ के बीएलओ रवींद्र सिंह तथा बूथ संख्या 92 के बीएलओ छबिराम सिंह का कार्य सबसे अधिक खराब पाए जाने पर डीएम ने सेवा समाप्त करने की चेतावनी दी। दूसरी ओर बूथ संख्या 161 की बीएलओ अनीता देवी का कार्य बेहतर पाए जाने पर जिलाधिकारी ने प्रशंसा करते हुए कहा है कि दूसरे बीएलओ को भी इसी प्रकार कार्य करना चाहिए।
------
गांव में टीमें गठित कर करें कार्य
बदायूं। जिलाधिकारी पवन कुमार ने विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र की फोटोयुक्त मतदाता सूचियों के पुनरीक्षण कार्य में लगे सभी बीएलओ को हिदायत दी है कि वह अपने अपने बूथ क्षेत्र में पांच पांच पढ़ी लिखी युवतियों तथा युवकों का एक-एक अलग दल तैयार करें। वह उस गांव में प्रत्येक घर में जाकर मृृतक मतदाताओं तथा 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके नागरिकों को मतदाता बनाने में बीएलओ का सहयोग करेंगे। जिस बूथ पर पुरूष और महिला मतदाताओं का प्रतिशत बराबर हो जाएगा और कोई भी पात्र नागरिक मतदाता बनने से वंचित नहीं रहेगा। ऐसे दल के सदस्यों को वह स्वयं माला पहनाकर तथा प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित करेंगे।
-----
एसडीएम को दी हिदायत
बदायूं। डीएम की अध्यक्षता में आयोजित होने वाली बीएलओ की बैठक की विधिवत व्यवस्था न करने तथा कई बीएलओ को अब तक पंजिका न मिलने पर डीएम ने नाराजगी जताई। उन्होंने दातागंज के उप जिलाधिकारी हरिराम यादव से पूछा मीटिंग हॉल होते हुए भी बीएलओ को टेंट लगाकर धूप में क्यों बैठाया गया? जिलाधिकारी ने एसडीएम को हिदायत दी है कि वह स्वयं बीएलओ के कार्य की निरंतर समीक्षा करें और जिन बीएलओ को अभी तक मतदाता सूची, रजिस्टर और फार्म 6ए 7 एवं 8 नहीं मिलें हैं, उन्हें शीघ्र उपलब्ध कराए जाएं। तहसील क्षेत्र का कार्य सबसे अधिक पिछड़ा हुआ है, यदि पुनरीक्षण कार्य में सुधार नहीं हुआ तो बीएलओ के साथ-साथ अब एसडीएम तथा तहसीलदार की भी जिम्मेदारी तय की जाएगी।