बिनावर (बदायूं)। थाना क्षेत्र के विजय नगला में शनिवार देर शाम एक झोलाछाप के क्लीनिक पर इलाज के दौरान युवक की मौत हो गई। इससे गुस्साए परिवार वालों ने हंगामा कर दिया। उनकी सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। परिवार वालों ने आरोपी के खिलाफ तहरीर दी है।
ग्राम घटबेहटी निवासी श्रवण कुमार (35) पुत्र लेड़हा को शनिवार शाम करीब चार बजे अचानक बुखार आया था। इस पर परिवार वाले उसे विजय नगला में एक झोलाछाप के यहां ले गए। परिवार वालों का आरोप है कि झोलाछाप ने श्रवण कुमार को एक इंजेक्शन लगाया था। जिससे युवक की और ज्यादा हालत बिगड़ गई। कुछ देर बाद युवक की वहीं पर मौत हो गई। इस पर परिवार वालों ने हंगामा कर दिया। सूचना पर गांव से अन्य लोग भी पहुंच गए। मामला बिगड़ता उससे पहले झोलाछाप अपना क्लीनिक छोड़कर मौके से फरार हो गया। वहीं इसकी सूचना पर पुलिस भी पहुंच गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिवार वालों ने झोलाछाप के खिलाफ तहरीर दे दी है लेकिन पुलिस ने पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने पर कार्रवाई का आश्वासन दिया है। युवक दो भाइयों में बड़ा था। उसके कोई बच्चा नहीं है। गर्भवती पत्नी प्रेमशीला का रो-रोकर बुरा हाल है।
...तो झोलाछाप पर मेहरबान है स्वास्थ्य विभाग
-कुछ दिन पहले स्वास्थ्य विभाग ने बिनावर थाना क्षेत्र के करीब दो दर्जन से अधिक झोलाछापों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई थी। उनमें विजय नगला में क्लीनिक चलाने वाले तीन झोलाछाप शामिल थे लेकिन जिस झोलाछाप के इलाज से युवक की मौत हुई है। उसका नाम स्वास्थ्य विभाग की सूची में शामिल नहीं था। इससे प्रतीत होता है कि स्वास्थ्य विभाग झोलाछाप पर मेहरबान है। उसे जानबूझकर छोड़ा गया। परिणामस्वरूप युवक की जान चली गई।