बदायूं। मुजरिया थाना पुलिस ने तार चोरी गैंग के पांच सदस्यों को गिरफ्तार करने का दावा किया है। उनके कब्जे से एक कार, बिजली तार, केबल और ट्रांसफॉर्मर का तेल बरामद हुआ है। पकड़े गए पांचों आरोपियों ने जिले में हुईं कई चोरियों में शामिल होने की बात स्वीकार की है। पुलिस ने पांचों आरोपियों को कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया है।
एसएसपी अंकिता शर्मा के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत प्रभारी निरीक्षक विदेश कुमार शर्मा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने सघन तलाशी के दौरान पांच संदिग्ध पकड़े। ये लोग काले रंग की कार में सवार थे। उनके पास से ट्रांसफॉर्मर से चुराया 16 लीटर तेल, एक देसी तमंचा 315 बोर मय कारतूस, दो चाकू और लोहे का तार काटने वाला कटर बरामद हुआ है। पुलिस की कड़ी पूछताछ में पकड़े गए आरोपियों ने वजीरगंज सहित कई अन्य ठिकानों से बिजली का तार चोरी करने की बात स्वीकार की है। क्षेत्राधिकारी सहसवान अशोक कुमार सिंह ने भी यहां गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ की।
आरोपियों की निशानदेही पर 95 एमएम और 85 एमएम की 60.5 मीटर केबल, लगभग 135 किलो बिजली का सिल्वर तार बरामद हुआ। पकड़े गए आरोपियों में धीरेंद्र पुत्र हरिश्चंद्र निवासी चितौरा धनौरा थाना अलापुर, अवधेश पुत्र पप्पू, धीर सिंह पुत्र सूबेदार निवासीगण खासपुर गोटिया थाना कुंवरगांव, मो. शहजाद पुत्र हसीन मोहम्मद निवासी भदसिया थाना कुंवरगांव और राजा पुत्र मुख्तियार हुसैन निवासी भमुइया थाना कादरचौक शामिल हैं।
सीओ सहसवान अशोक कुमार ने बताया कि चेकिंग के दौरान पकड़े गए आरोपियों से पूछताछ में उनकी निशानदेही से बिजली का तार आदि सामान बरामद हुआ है।