बदायूं। कार सवार की हेड कांस्टेबल की बाइक से टक्कर हो गई। उसने चालक से कार को देखकर चलाने को कहा तो कार सवार युवकों ने सरेराह मारपीट कर दी। शहर के बीच में हुए इस घटना के बाद वहां भारी भीड़ जुट गई। मौके पर पहुंची पुलिस दोनों पक्षों को थाने ले गई है।
सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के स्टेशन रोड पर डीसीबी बैंक के सामने से हेड कांस्टेबल पप्पू राम अपने बेटे के साथ फिलिंग स्टेशन पर बाइक में पेट्रोल डलवाने जा रहा था।
रास्ते में कार सवार युवक अचानक से आ गए। हेड कांस्टेबल ने बताया कि बाइक को कार सवार ने पीछे से टक्कर मार दी। उसने कार चालक से देखकर चलाने को कहा तो चालक समेत चार युवकों ने गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी। बेटे के साथ भी मारपीट की। मारपीट के बाद अफरा-तफरी मच गई। शहर के बीच में पुलिस कर्मी के साथ मारपीट की घटना से सनसनी फैल गई। भीड़ ने जैसे तैसे उनको बचाया। सूचना पहुंची थाना पुलिस दोनों पक्षों को थाने ले गई। हेड कांस्टेबल ने तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। संवाद
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची थी। दोनों पक्ष थाने पर है। मामले की जांच कराई जा रही है। तहरीर के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। संजय कुमार सिंह, इंस्पेक्टर सिविल लाइन