चंदौसी से फर्रुखाबाद के फतेहगढ़ जा रही कार सोमवार सुबह ट्रक की साइड लगने से खाई में जाकर पेड़ से जा टकराई। इससे कार में सवार फौजी की मौके पर ही मौत हो गई जबकि उनके फौजी बेटे समेत दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। इन्हें बरेली के मिलिट्री हास्पिटल में रेफर किया गया है। सूचना पर परिवार के लोग आए तो कोहराम मच गया।
मुरादाबाद के थाना मूढापांडे के गांव महमूदपुर निवासी अनिल कुमार चौहान (50) फर्रुखाबाद के फतेहगढ़ में सेना की 23 राजपूत रायफल्स में हवलदार थे। उनके पुत्र अजय सिंह (24) मेरठ की 17 राजपूत बटालियन में सैनिक हैं तो छोटा बेटा आदित्य सिंह बीसीए करके कंपटीशन की तैयारी कर रहा है। इनका परिवार वर्ष 1998 से फतेहगढ़ के कैंट इलाके में रहता है। रविवार रात मुरादाबाद के चंदौसी में इनके किसी रिश्तेदार की शादी थी। उसमें शामिल होने के लिहाज से अनिल अपने दोनों बेटों के साथ अपनी कार से दो दिन पहले फतेहगढ़ से गांव महमूदपुर आए थे। रविवार रात यह लोग शादी में शामिल हुए। रात के अंतिम पहर तीन बजे यह लोग चंदौसी से फतेहगढ़ के लिए निकले। कार आदित्य चला रहे थे। अजय उनके बराबर आगे की सीट पर बैठे थे तो अनिल सिंह पीछे बैठे थे। बदायूं होती हुई कार पौने पांच बजे अलापुर और म्याऊं के बीच पहुंची। बताते हैं कि पीछे से एक ट्रक ने इनकी कार को साइड मार दी, इससे अनियंत्रित होकर कार खाई में जाकर पेड़ से टकरा गई। कार की गति काफी तेज थी। इससे एक साइड से कार पेड़ में काफी अंदर तक घुस गई। इससे कार में पिछली सीट पर सो रहे अनिल सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि अजय और आदित्य गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की सूचना पर 108 एंबुलेंस ने उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया। सूचना मिली तो परिवार में कोहराम मच गया। मुरादाबाद से अनिल के भाई अभय प्रताप सिंह व फतेहगढ़ से पत्नी गीता सिंह समेत कई परिवारीजन पहुंच गए। पोस्टमार्टम के बाद परिवार शव को साथ ले गया। अन्य घायलों को बरेली के मिलेट्री अस्पताल रेफर कर दिया गया है।