बदायूं। बिसौली में शनिवार रात को तेज रफ्तार कार पेड़ से टकरा गई। हादसे में तीन युवक घायल हो गए। तीनों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार नगर के मोहल्ला सराय निवासी फरमान (19) पुत्र फहीम गाड़ी चलाना सीखने के उद्देश्य से अपने रिश्तेदार की कार की चाबी लेकर बाहर निकला था। फरमान के साथ उसके साथी सलमान पुत्र यासीन और हसीन पुत्र महबूब भी कार में सवार थे। चंदौसी रोड स्थित हरि फार्म के पास पहुंचते ही कार अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि वाहन के परखच्चे उड़ गए और तीनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को तत्काल अस्पताल भिजवाया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने फरमान की हालत गंभीर देखते हुए उसे मुरादाबाद रेफर कर दिया, जबकि सलमान और हसीन को जिला अस्पताल भेजा गया। स्थानीय लोगों के अनुसार कार की रफ्तार काफी तेज थी, जिससे यह हादसा हुआ। पुलिस मामले की जांच कर रही है।