उघैती। क्षेत्र में बदायूं-बिजनौर स्टेट हाईवे पर सोमवार रात एक भीषण सड़क हादसे में मां और उसकी छह माह की बेटी की मौत हो गई। इस दुर्घटना में नौ लोग घायल हो गए, जिन्हें रुदायन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है। हादसा एक कार और ट्रैक्टर-ट्रॉली की भिड़ंत के बाद हुआ। ट्रैक्टर-ट्रॉली में सवार लोग उझानी के बसौमा गांव से इस्लामनगर के समदपुर गांव एक शादी समारोह में भात लेकर जा रहे थे। हादसे के बाद कई थाने की पुलिस, पीआरबी व कई एंबुलेंस से मरीजों को रुदायन अस्पताल भेजा गया। हादसे के बाद हाईवे पर वाहनों का आवागमन भी बाधित रहा।
पुलिस के मुताबिक, सोमवार रात करीब नौ बजे उघैती कस्बे में स्थित एसडी फार्म हाउस के सामने इस्लामनगर की ओर से आ रही एक एसयूवी कार ने ट्रैक्टर-ट्रॉली को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रैक्टर चालक का संतुलन बिगड़ गया और ट्रॉली सड़क पर पलट गई। ट्रॉली में महिलाओं, बच्चों समेत करीब 35 लोग सवार थे, जो पलटने के बाद उसके नीचे दब गए। हादसे के बाद सड़क पर कोहराम मच गया।
घटनास्थल पर मौजूद दूसरे ट्रैक्टर में सवार लोगों और आसपास के दर्जनों ग्रामीणों ने तुरंत मदद के लिए दौड़ लगाई। सूचना मिलने पर पुलिस प्रशासन भी मौके पर पहुंचा। पुलिस और एक बरातघर के कर्मचारियों ने ग्रामीणों की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद पलटी हुई ट्रॉली को सीधा किया। ट्रॉली के नीचे दबे लोगों को बाहर निकाला गया। एंबुलेंस की मदद से सभी घायलों को तत्काल रुदायन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया। वहां डॉक्टरों की टीम ने बसौमा निवासी सुमन पत्नी हरदीप और उसकी छह माह की बेटी बेबी को मृत घोषित कर दिया। अन्य सभी घायलों का अस्पताल में इलाज जारी है। हादसे के बाद कार सवार लोग मौके से फरार हो गए, जिनकी तलाश में पुलिस जुट गई है।
भांजी के विवाह में शामिल होने जा रहे थे ट्रॉली सवार
ट्रैक्टर-ट्रॉली उझानी कोतवाली के गांव बसौमा गांव के प्रेमवीर अपनी भांजी प्रीति के विवाह में शामिल होने के लिए इस्लामनगर के गांव समदपुर में रितिक के घर जा रही थे। यह लोग शादी समारोह के लिए भात लेकर जा रहे थे। हादसे के बाद ट्रॉली में सवार सभी लोग उसके नीचे दब गए, जिससे मौके पर अफरातफरी मच गई।
यह लोग हुए घायल
शिवानी पुत्री रिंकू (14 वर्ष), माही पुत्री सोमवीर (10 वर्ष) ज्योति पुत्री सुरेश (15 वर्ष), सुनीता पत्नी जितेंद्र (40 वर्ष), उमानदेही पत्नी सोदान (32 वर्ष), खुशबू पत्नी शिवराज (26 वर्ष), जय देवी पत्नी कृष्ण मुरारी (60 वर्ष), वीर पत्नी कन्हैयालाल (45 वर्ष) व वर्षा पुत्री ब्रह्म प्रकाश (16 वर्ष) शामिल हैं। यह सभी सीएचसी रूदायन में भर्ती कराए गए हैं।
हादसा करने वाली कार में सवार था दूल्हा
जिस कार से हादसा हुआ है उसमें दूल्हा व उसके परिवारीजन सवार थे। हादसे के बाद कार सवार लोग मौके का फायदा उठाकर भाग गए। गनीमत रही की कार के एयरबैग खुल गए जिससे किसी को चोट नहीं पहुंची। अब कार नंबर के आधार पर पुलिस उनका पता लगाएगी।
कार व ट्रैक्ट्रर-ट्राली की टक्कर में एक महिला व एक बच्चे की मौत हो गई है। पुलिस ने घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भिजवाया है। पुलिस इस हादसे के कारण का जांच कर उचित कार्रवाई करेगी। - केके तिवारी, सीओ बिल्सी