सैदपुर। बिजली उपभोक्ताओं को राहत देने के लिए चार ट्रांसफार्मरों की क्षमता में वृद्धि की गई है। साथ ही 250 केवी का नया ट्रांसफार्मर लगाया गया है। इसके साथ ही तीन दर्जन विद्युत कनेक्शन काटे गए और एक लाख रुपये से अधिक का बकाया बिल जमा करवाया गया।
विद्युत उपकेंद्र के अवर अभियंता राम स्वरूप ने बताया कि लो-वोल्टेज और ट्रिपिंग की समस्या के स्थाई समाधान के लिए नगर के सैदपुर करेंगी मार्ग पर ईदगाह के पास कब्रिस्तान, मोहल्ला बड़ा तकिया, अशरफ नगर कब्रिस्तान और केके कॉन्वेंट स्कूल पर लगे ट्रांसफार्मरों की क्षमता बढ़ाई गई। अब इनकी क्षमता 100 से 250 केवी कर दी गई है।
करेंगी मोड पर 250 केवी का एक नया ट्रांसफार्मर स्थापित किया गया है। इससे नगर व क्षेत्र के बिजली उपभोक्ताओं को समस्या से निजात मिलेगी। वोल्टेज ठीक रहेगा और बार-बार बिजली जाने के झंझट से मुक्ति मिलेगी। वहीं, क्षेत्र के लोगों का मानना है कि इतने सुधार के बाद सबसे बड़ी समस्या का समाधान अभी बाकी है। उपकेंद्र को आने वाली एमएफ हाईवे के सहारे मेन लाइन में फाल्ट होने की समस्या का समाधान नहीं हो सका है। पेड़ों के बीच लाइन होने के कारण हवा चलने पर मेनलाइन आए दिन ब्रेक डाउन हो जाती और उसे ठीक करने को फाल्ट ढूंढने में काफी समय लगता है। उपकेंद्र से जुड़े आसपास गांवों के करीब एक लाख उपभोक्ताओं को बिजली संकट का सामना करना पड़ता है।
अंडरग्राउंड लाइन की लगवाने की मांग
नगर पंचायत अध्यक्ष इशरत अली खान ने क्षेत्रीय विधायक आशुतोष मौर्या और विभागीय उच्च अधिकारियों से मिलकर बिसौली-सैदपुर तक अंडर ग्राउंड केबल डलवाए जाने की मांग की है, ताकि पेड़ों में चल रही बिजली लाइन से होने वाली समस्या से निजात मिल सके।