बदायूं। राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान सलारपुर में हीरो मोटोकॉर्प नीमराना (राजस्थान) कंपनी की ओर से कैंपस प्लेसमेंट का आयोजन किया गया। कंपनी के प्लेसमेंट पार्टनर सिनर्जी कंसल्टेंट के प्रतिनिधि भूपेंद्र सिंह ने अभ्यर्थियों को कंपनी की कार्यप्रणाली, कार्य वातावरण, प्रशिक्षण संरचना और विकास अवसरों के बारे में बताया।
संस्थान प्रधानाचार्य सुरेंद्र कुमार वार्ष्णेय ने प्लेसमेंट प्रक्रिया में आईटीआई से उत्तीर्ण फिटर, टर्नर, इलेक्ट्रीशियन, मशीनिस्ट, वेल्डर और पेंटर व्यवसायों के कुल 91 अभ्यर्थियों ने प्रतिभाग किया। सभी अभ्यर्थियों का इंटरव्यू और कौशल मूल्यांकन कंपनी की निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार किया गया।
चयन प्रक्रिया के अंत में कुल 72 अभ्यर्थियों का चयन ट्रेनी ऑपरेटर के पद पर किया गया। चयनित अभ्यर्थियों को 16,209 प्रतिमाह वेतन देय होगा। प्रधानाचार्य ने कहा कि इस प्रकार के औद्योगिक अवसर न केवल छात्रों को रोजगार प्रदान करते हैं, बल्कि उन्हें उद्योग के वास्तविक वातावरण से भी रूबरू कराते हैं। इस प्लेसमेंट के आयोजन में सचिन कुमार सिंह, अजीत कुमार वर्मा, प्रवीण कुमार, दिनेश कुमार, आनंद मोहन पटेल आदि मौजूद रहे।