बदायूं में पालने के लिए रंगीन मछलियां लेने बाजार गई युवती से दो लोगों ने छेड़खानी। उसे कार में डालकर अगवा करने की कोशिश की गई। जैसे-तैसे बचकर वह भागी। पुलिस ने दो लोगों को नामजद करते हुए कुछ अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सदर कोतवाली क्षेत्र के एक मोहल्ले में रहने वाली एक युवती ने बताया कि दो नवंबर 2025 को वह सुभाष चौक के पास एक दुकान पर रंगीन मछलियां खरीदने गई थी। वहां दुकानदार विशाल ने उससे मछलियों के दाम पूछते हुए नाम और पता पूछा और अगले दिन बेहतर किस्म की मछलियां आने की बात कही।
अगले दिन जब युवती दुकान पर पहुंची, तो वहां कमलेश, शकीना, ज्योति, सुरभि, सरोज उर्फ सुरैया सहित नीलू और सूरज गफ्फार मौजूद थे। दुकानदार ने इन सभी को अपनी टीम बताया और मछलियों के क्रय-विक्रय का काम करने वाला बताया।
बिना नंबर की कार से आए थे आरोपी
युवती का आरोप है कि दुकानदार के कहने पर उसे अगले दिन उसके घर से करीब आधा किलोमीटर दूर बड़ी सरकार की ज्यारत के पास बुलाया गया। यह कहा गया कि वहां वैन से नई किस्म की मछलियां लाई जाएंगी। मौके पर बिना नंबर प्लेट की स्लेटी रंग की मारुति कार पहुंची, जिसमें से दो लोग उतरे।
उन्होंने मछली दिखाने के बहाने युवती को जबरन गाड़ी में बैठा लिया। इस दौरान युवती के साथ छेड़खानी की गई और उसे एक रूमाल सुंघाकर बेहोश कर दिया गया। होश में आने पर उसने सुना कि आरोपी उसे किसी अन्य स्थान पर ले जाकर दुष्कर्म करने की बात कर रहे हैं।
इस दौरान जैसे-तैसे बचकर भागी। इसके बाद उसने एसपी सिटी से शिकायत की। सदर कोतवाली पुलिस ने दो अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज किया है, जबकि एफआईआर में कई अन्य लोगों के नाम भी शामिल किए गए हैं।