सेंट्रल वक्फ काउंसिल के सदस्य रहीस पठान का स्वागत
सेंट्रल वक्फ काउंसिल के सदस्य रहीस खान पठान का सहसवान आगमन पर फूलमालाओं से स्वागत किया गया। उन्होंने मौहल्ला दहलीज में सलमान हैदर के मकान पर जन समस्याएं सुनी और अल्संख्यक समुदाय को भाजपा के साथ जोड़ने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि भाजपा सब का साथ, सब के विकास के साथ अल्पसंख्यक समुदाय को जोड़ने का काम कर रही है। वक्फ बोर्ड की जमीनों पर पिछली सरकार में हुए अवैध कब्जों को मुक्त कराना सरकार की प्राथमिकता में है।
पठान ने वयोवृद्ध समाजसेवी डॉ. स्वराज्य चंद्र गुप्ता के आवास पर पत्रकारों से वार्ता करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार का अवैध बूचड़खानों को बंद कराने का फैसला उचित है और जो वैध बूचड़खाने चल रहे हैं, उन पर सरकार की कोई पाबंदी नहीं है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में पिछली सरकार में वक्फ बोर्ड की जमीनों पर बड़े पैमाने पर अवैध कब्जे किए गए। इन अवैध कब्जों को शीघ्र हटवाकर वक्फ बोर्ड की जमीन मुक्त कराई जाएगी। इस पर स्कूल कॉलेज बनेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि तीन तलाक के मुददे पर सरकार न्यायोचित हल निकालने की कोशिश कर रही है, जिससे पीड़ित महिलाओं को न्याय मिल सके और उनका जीवन खुशी-खुशी गुजरे। उन्होंने कहा कि प्रदेश में जनहित और स्वास्थ्य को देखते हुए शराब पर पूरी तरीके से पाबंदी लगनी चाहिए। इस मौके पर सुभाष गौड़, अंबरीश वर्मा, डब्बू सर्राफ, शिवप्रकाश सक्सेना, अजय भंडारी, विनोद शर्मा, हरज्ञान शाक्य, पीयूष माहेश्वरी, दीक्षा माहेश्वरी, डॉ. मुजीब, सलमान हैदर नकवी,सौरभ माहेश्वरी, चित्रकिशोर अगस्त्य, आलोक बाबू, रामरक्षपाल शर्मा, श्याम बाबू सक्सेना आदि ने पठान का स्वागत किया।