बदायूं। भीषण गर्मी में बिजली कटौती से लोगों को निजात नहीं मिल रहा है। लगातार तीसरे दिन शुक्रवार को भी लोगों को अंधाधुंध बिजली कटौती का सामना करना पड़ा। इंदिरा चौक के पास केबल बॉक्स फुंकने से कई घंटे बिजली सप्लाई ठप रही। बाद में मीराजी चौकी उपकेंद्र पर ब्रेकडाउन हो गया। इसके अलावा जिला एवं सत्र न्यायालय की रिजर्व लाइन में भी खराबी आ गई। इसके चलते शाम के वक्त शटडाउन लेना पड़ गया। इससे दिन भर लोग भीषण गर्मी में परेशान रहे।
बुधवार को शहर के इंदिरा चौक इलाके में लाइन शिफ्टिंग से शहर के लोगों को लगातार नौ घंटे बिजली कटौती का सामना करना पड़ा था। भीषण गर्मी के बीच बृहस्पतिवार को तेज हवाओं और बूंदाबांदी के कारण मीराजी चौकी, मीरा सराय और नवादा कार्यशाला उपकेंद्र में ब्रेकडाउन हो गया था। इस कारण पूरे दिन सप्लाई नहीं मिल सकी। बृहस्पतिवार को दोपहर करीब तीन बजे बिजली गुल हुई और इसके बाद रात में नौ बजे के बाद सप्लाई चालू हो सकी। कई स्थानों पर तेज हवाओं से पेड़ गिरने से भी लाइनें क्षतिग्रस्त हो गई थीं। शुक्रवार को सप्लाई की स्थिति में सुधार की उम्मीद थी लेकिन दिन में करीब 11 बजे इंदिरा चौक के पास केबल बॉक्स फुंक गया। इस कारण कटौती की गई।
इंदिरा चौक पर केबल बॉक्स ठीक करने के बाद दोपहर एक बजे सप्लाई चालू हुई, लेकिन इसके बाद ब्रेक डाउन हो गया। ब्रेक डाउन से फिर दिन भर बिजली गुल रही। इसी दौरान जिला एवं सत्र न्यायालय की रिजर्व लाइन में भी तकनीकी खराबी आ गई। ऐसे में मुख्य उपकेंद्र से शटडाउन लेना पड़ा। भीषण गर्मी के बीच लगातार तीसरे दिन अंधाधुंध बिजली कटौती से लोग परेशान रहे।
कचहरी उपकेंद्र का घेराव कर पावर कॉरपोरेशन के खिलाफ नारेबाजी
बदायूं। बिजली कटौती से नाराज चित्रांश नगर के लोगों ने शुक्रवार को कचहरी विद्युत उपकेंद्र का घेराव कर पावर कॉरपोरेशन के खिलाफ नारेबाजी की गई। चित्रांश नगर में कई दिन से बिजली की समस्या बनी हुई है। अगर सप्लाई आती भी है तो ट्रिपिंग के कारण बार-बार जाती रहती है। बार-बार शिकायत करने के बाद भी पावर कॉरपोरेशन ने यहां के लोगों की समस्याओं पर गौर नहीं किया। ऐसे में शुक्रवार को लोगों का गुस्सा फूट गया। मोहल्ले के विपिन सक्सेना, राजीव, विवेक, वीरपाल आदि समेत 25-30 लोग कचहरी उपकेंद्र पर पहुंच गए। यहां एक ही कर्मचारी मिला। वह कटौती के बारे में नहीं बता सका। इसके बाद लोगों ने पावर कॉरपोरेशन के अधिकारियों को कॉल की, लेकिन उनके मोबाइल ऑफ थे।
इंदिरा चौक के पास केबल बॉक्स फुंकने से कुछ समय के लिए कटौती की गई थी। इसके बाद एक उपकेंद्र पर ब्रेक डाउन हो गया। कुछ लाइनों पर मरम्मत का काम भी होना था। इसके चलते दोपहर को कुछ समय कटौती की गई। अब बिजली सप्लाई की स्थिति में सुधार हो जाएगा। - वाईएस राघव, एक्सईएन विद्युत वितरण खंड प्रथम