मतदान करने के जाती महिला मतदाता पर्ची लेते हुए। संवाद
बदायूं। नगरीय निकाय उपचुनाव के तहत शहर के वार्ड नंबर 28 हकीमगंज में रिक्त चल रही सभासद सीट के लिए मंगलवार को शांतिपूर्ण ढंग से मतदान संपन्न हुआ। मतदान को लेकर सुबह से ही पोलिंग बूथों पर मतदाताओं की आवाजाही शुरू हो गई थी। दिन चढ़ने के साथ मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की भीड़ बढ़ती गई।
शहर के वार्ड नंबर 28 में कुल 4,472 मतदाता पंजीकृत थे। जिनमें से 1,970 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। इसमें 1016 पुरुष और 964 महिलाएं शामिल रहीं। इस तरह कुल 44.05 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। मतदान प्रतिशत अपेक्षा से कम रहा, लेकिन चुनाव प्रक्रिया शांतिपूर्ण माहौल में पूरी हुई।
मतदान के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के व्यापक इंतजाम किए गए थे। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी लगातार मतदान केंद्रों का निरीक्षण करते रहे। चुनाव कर्मियों ने निर्धारित समय तक मतदान प्रक्रिया संपन्न कराई। बताया गया कि वार्ड नंबर 28 हकीमगंज की सभासद सीट रिक्त होने के बाद उपचुनाव कराया गया। इसमें पांच प्रत्याशी अपनी किस्मत अजमा रहे हैं।
आज सभी प्रत्याशियों की किस्मत मतपेटियों में बंद हो गई है। मतगणना सात मई को तहसील सदर सभागार में कराई जाएगी। मतगणना के बाद परिणाम घोषित किया जाएगा, जिसके साथ ही वार्ड को नया सभासद मिल जाएगा।