जिले के 11 लोहिया गांवों में बनाए जा रहे आंगनबाड़ी केंद्र
मनरेगा और जिला पंचायत राज विभाग ने नहीं दी धनराशि
जिले के 11 लोहिया गांवों में बनाए जा रहे आंगनबाड़ी केंद्र का निर्माण कार्य अभी तक पूरा नहीं हो पाया है, जबकि 30 सितंबर तक निर्माण कार्य पूरा होने के साथ ही उन्हें हैंडओवर करने का आदेश डीएम ने दिया है। ऐसे में निर्माण करा रही संस्था ग्रामीण अभियंत्रण विभाग के सामने मुश्किल खड़ी हो सकती है, क्योंकि अभी तक किसी केंद्र का निर्माण कार्य पूरा नहीं हो पाया है। बाल विकास विभाग, मनरेगा और जिला पंचायत राज विभाग की ओर से 11 आंगनबाड़ी केंद्रों का निर्माण कराया जा रहा है। इसमें एक केंद्र के निर्माण की लागत 7.52 लाख रुपये हैं। इसमें बाल विकास विभाग की ओर से 4.46 लाख रुपये दिए जाने हैं, जबकि मनरेगा से 2.02 लाख रुपये और 1.6 लाख रुपये जिला पंचायत राज विभाग की ओर से दिए जाने हैं। इसमें केवल बाल विकास विभाग की ओर से धनराशि दी गई, जबकि जिला पंचायत राज और मनरेगा की धनराशि अभी तक नहीं मिली है।
ऐसे में डीएम पवन कुमार ने जिला कार्यक्रम अधिकारी (डीपीओ) को केंद्रों का निर्माण कार्य पूरा कराकर 24 सितंबर तक देने के निर्देश दिए थे। इस पर निर्माणदायी विभाग आरईएस के एक्सईन एसके गुप्ता ने डीएम से 30 सितंबर तक का वक्त मांगा है, तब तक निर्माण कार्य पूरा करके भवनों को हैंडओवर कर दिया जाएगा। यहां बता दें कि धनराशि मिलने से पहले निर्माण कार्य पूरा कराया जाएगा।
-----
आरईएस विभाग को डीएम के निर्देशों के बारे में अवगत करा दिया है। भवन मिलते ही उनका शुभारंभ कराकर केंद्रों का संचालन शुरू कराया जाएगा।
निर्मल शर्मा, डीपीओ
-----
सभी भवनों के फिनीशिंग का काम चल रहा है। एक सप्ताह के अंदर इसे पूरा करा लिया जाएगा। साथ ही भवनों को बाल विकास विभाग के हैंडओवर कर दिया जाएगा।
एसके गुप्ता, एक्सईएन, आरईएस