बदायूं। उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा (टीईटी) के दौरान अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए रोडवेज बस स्टैंड व वर्कशॉप पर 2 जुलाई से 4 जुलाई तक कर्मचारियों की विशेष ड्यूटी लगाई गई। सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक राजेश पाठक ने आदेश जारी कर बसों का संचालन 24 घंटे करने के निर्देश दिए हैं।
यूपीटीईटी परीक्षा 2 व 3 जुलाई को दो पालियों में सुबह 9:30 से 12 बजे और अपराह्न 2:30 से शाम 5 बजे तक और 4 जुलाई को एक पाली में सुबह 9:30 से दोपहर 12 बजे तक होगी। परीक्षा के दौरान बड़ी संख्या में अभ्यर्थी बसों से आवागमन करेंगे। आदेश के अनुसार, बस अड्डा पर श्यामवीर सिंह की ड्यूटी सुबह 6 से अपराह्न 2 बजे, नसरत कदीर की सुबह 6 से शाम 6 बजे और सौरभ त्रिवेदी की अपराह्न 2 से रात 10 बजे तक लगाई गई है।
इसके अलावा सामान्य परिचालन, संगणक यांत्रिक, इंजीनियरिंग, कैशरूम, डीजल कक्ष व पूछताछ कक्ष में कर्मचारियों की 24 घंटे तैनाती की गई है। एआरएम ने निर्देश दिए हैं कि ड्यूटी के दौरान बस स्टेशन पर समय सारणी के अनुसार बसों का संचालन कराया जाए। कोई भी बस निरस्त न हो। किसी रूट पर मार्ग न बदला जाए। बस स्टेशन पर हेल्पडेस्क, टिकट काउंटर, व्हाट्सएप, कैंटीन व टॉयलेट 24 घंटे चालू रहेंगे।