वातानुकूलित प्रतीक्षालय समेत रहेंगी कई सुविधाएं
इस अत्याधुनिक बस स्टेशन में यात्रियों के लिए वातानुकूलित प्रतीक्षालय, महिलाओं और वरिष्ठ नागरिकों के लिए अलग विश्राम कक्ष, स्वचालित एवं स्मार्ट शौचालय, डिजिटल सूचना प्रणाली, एलईडी डिस्प्ले, अनाउंसमेंट सिस्टम, कंप्यूटरीकृत टिकट काउंटर और ऑनलाइन टिकट बुकिंग जैसी सुविधाएं उपलब्ध होंगी। इसके अतिरिक्त पेयजल, फूड कोर्ट, रेस्टोरेंट, मल्टीलेवल पार्किंग, सीसीटीवी आधारित 24 घंटे सुरक्षा व्यवस्था, दिव्यांगजन अनुकूल सुविधाएं, ई-रिक्शा एवं ऑटो के लिए अलग जोन और हरित क्षेत्र का भी समुचित प्रावधान किया जाएगा।
आपातकालीन चिकित्सा सुविधा भी मिलेगी
परियोजना में आधुनिक फायर सेफ्टी सिस्टम और आपातकालीन चिकित्सा सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी। साथ ही ऊर्जा संरक्षण को ध्यान में रखते हुए सोलर एनर्जी आधारित लाइटिंग व्यवस्था विकसित की जाएगी, जिससे यह बस अड्डा पर्यावरण के अनुकूल भी होगा। पीपीपी मॉडल के तहत बनने वाले इस बस स्टेशन में सरकारी और निजी क्षेत्र का संयुक्त निवेश होगा, जिससे निर्माण कार्य की गुणवत्ता और समयबद्धता सुनिश्चित की जा सकेगी। इसके साथ ही इस परियोजना से स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे और आसपास के क्षेत्रों में व्यापारिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा।
सदर विधायक महेंद्र चंद्र गुप्ता ने बताया कि शहर में आधुनिक बस स्टेशन निर्माण को मंजूरी मिलना जिले के विकास की दिशा में एक बड़ी उपलब्धि है। यह परियोजना शहर की पहचान बनेगी और आने वाले समय में विकास के नए आयाम स्थापित करेगी।