सिलहरी। खेड़ा नवादा पुलिस चौकी के नजदीक रविवार शाम अचानक एक प्राइवेट बस के हेल्पर की दिल का दौरा पड़ने से मौत हो गई।
दातागंज कोतवाली क्षेत्र के गांव गनगोला निवासी ताज मोहम्मद (38) पुत्र जान मोहम्मद एक प्राइवेट बस पर हेल्पर था। उसके परिवार वालों का कहना है कि करीब दो माह पहले ताज को हार्टअटैक पड़ा था। तब से उसका बरेली में उपचार चल रहा था। अभी कुछ हालत में सुधार हुआ था, जिससे वह काम करने रविवार दोपहर शहर आया था। वह खेड़ानवादा से दिल्ली जाने वाली प्राइवेट बस पर काम करता था। वह खेड़ा नवादा चौकी के पीछे फल विक्रेता फहीम के ठेले के पास खड़ा था। तभी अचानक उसको सीने में दर्द हुआ। उसने अपनी पत्नी फरीदन को कॉल करके बताया।
फरीदन ने कहा कि वह उनके बहनोई आलिम खान और फारुख को भेज रहीं हैं। उसी समय ताज जमीन पर गिर पड़ा। इस पर कुछ लोगों ने उसे दुकान में लिटाया। बाद में उसे फल विक्रेता टेंपो से जिला अस्पताल ले गया, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। उसके शव को मोर्चरी में रखवा दिया गया। इंस्पेक्टर गौरव बिश्नोई ने बताया कि ताज की हार्टअटैक से मौत हुई है। फिर भी उसके शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा।