बस स्टेशन के पास पाइप लाइन फटी होने से भरा पानी। स्रोत- स्थानीय दुकानदार
बदायूं। शहर में पेयजल व्यवस्था की लापरवाही एक बार फिर सामने आई है। बस स्टेशन के पास बीते तीन से चार दिनों से पाइपलाइन फटी होने के कारण सड़क पर जलभराव की स्थिति बनी हुई है, इससे स्थानीय दुकानदारों और राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, पाइपलाइन फटने के बाद से लगातार पानी बह रहा है, इससे दुकानों के आगे जलभराव हो गया है। हालात यह है कि बुधवार को स्थिति और भी ज्यादा खराब हो गई, लेकिन अब तक जिम्मेदार विभाग का कोई कर्मचारी मौके पर नहीं पहुंचा है।
दुकानदारों का कहना है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं किया गया। पानी भरने से न केवल व्यापार प्रभावित हो रहा है, बल्कि गंदगी और फिसलन के कारण हादसे का भी खतरा बना हुआ है। संवाद